Csk copyright controversy : मीडिया कंपनी Sun TV Network ने आईपीएल फ्रेंचाइज़ Chennai Super Kings (सीएसके) के खिलाफ कॉपीराइट उल्लंघन का मामला दर्ज कराया है. कंपनी का आरोप है कि टीम ने उनकी फिल्मों के गाने, बैकग्राउंड स्कोर और डायलॉग्स का बिना अनुमति प्रमोशनल कंटेंट में इस्तेमाल किया.
फिल्मों के म्यूजिक के इस्तेमाल पर विवाद
रिपोर्ट्स के मुताबिक सीएसके ने सुपरस्टार Rajinikanth की फिल्मों Jailer, Jailer 2 और Coolie के म्यूजिक और डायलॉग्स को अपने प्रमोशनल वीडियो में इस्तेमाल किया. खासतौर पर हुकुम एंट्री सॉन्ग, जिसे संगीतकार Anirudh Ravichander ने कंपोज किया है, सोशल मीडिया रील्स और टीम प्रमोशन में काफी उपयोग हुआ. यह वीडियो 1 मार्च को सीएसके ने अपनी नई आईपीएल जर्सी लॉन्च के दौरान Instagram और Facebook समेत विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर शेयर किया था. फिल्म जेलर का यह गाना टीम के पूर्व कप्तान MS Dhoni की एंट्री के साथ भी जोड़ा जाता रहा है और कई मौकों पर इसे अनऑफिशियल एंथम की तरह इस्तेमाल किया गया.
कोर्ट में क्या कहा गया
कंपनी ने Madras High Court में दायर याचिका में कहा कि बिना लाइसेंस इस कंटेंट के उपयोग से टीम के प्रमोशनल वीडियो ज्यादा आकर्षक बनाए गए और मर्चेंडाइज (जैसे टी-शर्ट और बैग) की बिक्री को बढ़ावा मिला. सन टीवी ने ₹1 करोड़ के हर्जाने की भी मांग की है और अदालत से आग्रह किया है कि सीएसके को उनकी फिल्मों के गाने, डायलॉग या बैकग्राउंड स्कोर के किसी भी प्रकार के उपयोग से रोका जाए, चाहे वह सोशल मीडिया, स्टेडियम ब्रॉडकास्ट या अन्य प्रमोशनल सामग्री ही क्यों न हो.
16 मार्च तक के लिए स्थगित हुई सुनवाई
वहीं सीएसके के वकील ने कोर्ट को बताया कि कंपनी की ईमेल नोटिस मिलने के बाद टीम ने संबंधित गानों का उपयोग बंद कर दिया है और भविष्य में बिना लाइसेंस ऐसा नहीं किया जाएगा. अदालत ने शुरुआती सुनवाई के बाद मामले को 16 मार्च तक के लिए स्थगित कर दिया है और सीएसके को हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया है. गौरतलब है कि Sun TV Network ही आईपीएल टीम Sunrisers Hyderabad की मालिक भी है. ऐसे में इस विवाद को मैदान के बाहर दो फ्रेंचाइज़ के बीच टकराव के रूप में भी देखा जा रहा है.