Google Summer Public Policy Fellowship 2026: टेक्नोलॉजी, इंटरनेट और पब्लिक पॉलिसी के क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले छात्रों के लिए एक बड़ी खबर है. Google ने Summer Public Policy Fellowship 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. इस प्रतिष्ठित फेलोशिप के माध्यम से छात्रों को इंटरनेट पॉलिसी, डिजिटल अधिकार, डेटा प्राइवेसी और टेक्नोलॉजी गवर्नेंस जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर काम करने और रिसर्च करने का अवसर मिलेगा.
क्या है फेलोशिप का उद्देश्य
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ऐसे युवाओं को प्रोत्साहित करना है, जो डिजिटल पॉलिसी और टेक्नोलॉजी से जुड़े क्षेत्रों में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं. चयनित उम्मीदवारों को विभिन्न संगठनों के साथ काम करने का मौका मिलेगा, जहां वे वास्तविक प्रोजेक्ट्स पर काम करते हुए व्यावहारिक अनुभव हासिल करेंगे.
स्टाइपेंड और कार्य अवधि
फेलोशिप के दौरान चयनित छात्रों को आकर्षक स्टाइपेंड दिया जाएगा. फुल-टाइम (करीब 40 घंटे प्रति सप्ताह) काम करने पर लगभग 12,000 अमेरिकी डॉलर (करीब 11.11 लाख रुपये) मिलेंगे. पार्ट-टाइम (करीब 20 घंटे प्रति सप्ताह) काम करने पर लगभग 6,000 अमेरिकी डॉलर (करीब 5.55 लाख रुपये) का स्टाइपेंड दिया जाएगा. इच्छुक छात्र 9 अप्रैल 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
पात्रता और आवश्यक योग्यता
इस फेलोशिप के लिए आवेदन करने वाले छात्रों में निम्नलिखित योग्यताएं होना जरूरी है:
- इंटरनेट और टेक्नोलॉजी पॉलिसी में रुचि
- मजबूत विश्लेषणात्मक क्षमता
- बेहतर कम्युनिकेशन और लेखन कौशल
- रिसर्च करने की क्षमता
- एक साथ कई प्रोजेक्ट पर काम करने का अनुभव
- तेज गति वाले कार्य वातावरण में प्रभावी ढंग से काम करने की योग्यता
- 1 जनवरी 2026 तक आवेदक की उम्र कम से कम 18 वर्ष होनी चाहिए
- जो छात्र पहले इस फेलोशिप में भाग ले चुके हैं, वे दोबारा आवेदन नहीं कर सकते
आवेदन की प्रक्रिया
फेलोशिप के लिए छात्रों को ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भरना होगा. आवेदन के दौरान उन्हें अपनी शैक्षणिक जानकारी, रिज्यूमे और रेफरेंस अपलोड करने होंगे. साथ ही, पसंदीदा संगठन और एक पर्सनल स्टेटमेंट भी जमा करना होगा. सभी जानकारी सावधानीपूर्वक भरने के बाद फॉर्म सब्मिट किया जा सकता है. यह फेलोशिप टेक्नोलॉजी और पब्लिक पॉलिसी के क्षेत्र में करियर की दिशा तय करने के लिए छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर साबित हो सकती है.