इन महिलाओं के खाते में नहीं आएंगे मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के ₹2 लाख ! समझिए क्या है सरकार की शर्तें

Mahila Rojgar Yojana : बिहार की महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण से जुड़ी बहुप्रचारित मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना अब अपने सबसे महत्वपूर्ण चरण में प्रवेश कर चुकी है. जिन लगभग 1 करोड़ 81 लाख महिलाओं के खातों में पहले चरण में ₹10,000 की राशि भेजी गई थी, उनके लिए अब अधिकतम ₹2 लाख तक की वित्तीय सहायता देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. हालांकि, यह राशि एकमुश्त नहीं दी जाएगी. सरकार ने इसके लिए चार चरणों वाला निवेश मॉडल तैयार किया है, जिसमें लाभार्थी महिला की भागीदारी भी अनिवार्य होगी.

सर्वे के आधार पर मिलेगा लाभ

सरकार फिलहाल जमीनी स्तर पर एक व्यापक सर्वे करा रही है. जीविका कार्यक्रम से जुड़ी कर्मी गांव-गांव जाकर यह आकलन कर रही हैं कि महिलाओं ने पहले मिले ₹10,000 का उपयोग किस प्रकार किया, जैसे क्या उन्होंने कोई रोजगार शुरू किया?, क्या वह काम अभी भी संचालित है? और क्या उसमें आगे बढ़ने की संभावना है? सर्वे की पूरी जानकारी मोबाइल ऐप के जरिए डिजिटल रूप से अपलोड की जा रही है, ताकि प्रक्रिया पारदर्शी रहे और वास्तविक लाभार्थियों को ही आगे की सहायता मिल सके. मीडिया सूत्रों के अनुसार सर्वे पूरा होते ही मार्च के अंत या अप्रैल 2025 से अगली किस्तों का वितरण शुरू हो सकता है.

चार चरणों में मिलेगा पैसा

योजना के तहत वित्तीय सहायता इस प्रकार दी जाएगी

पहला चरण

  • सरकार देगी: ₹20,000
  • लाभुक का योगदान: ₹5,000
  • कुल निवेश: ₹25,000

दूसरा चरण

  • सरकार देगी: ₹40,000
  • लाभुक का योगदान: ₹10,000
  • कुल निवेश: ₹50,000

तीसरा चरण

  • सरकार देगी: ₹80,000
  • लाभुक का योगदान: ₹20,000
  • कुल निवेश: ₹1 लाख

चौथा चरण

  • सरकार देगी: ₹60,000
  • यह राशि सीधे महिला को नहीं मिलेगी इसका उपयोग मार्केटिंग, ब्रांडिंग और पैकेजिंग के लिए किया जाएगा

किन महिलाओं को मिलेगा आगे का पैसा

सरकार ने स्पष्ट किया है कि सभी महिलाओं को स्वतः अगली राशि नहीं मिलेगी. इसके लिए कुछ शर्तें हैं. जैसे पहले मिले ₹10,000 से रोजगार शुरू होना चाहिए. काम संचालित और प्रगति की स्थिति में होना चाहिए. सर्वे के दौरान वास्तविक स्थिति सही पाई जानी चाहिए. राशि उद्योग की जरूरत और क्षमता के अनुसार तय होगी. इस योजना का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि महिलाओं को छोटे उद्यमी के रूप में स्थापित करना है. सरकार और लाभार्थी महिला दोनों की साझेदारी से यह मॉडल तैयार किया गया है, जिससे आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिल सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *