बेटे के लिए क्या बैकअप प्लान तैयार कर रहे नीतीश..? JDU और बिहार की राजनीति में क्या होगी निशांत की भूमिका

Bihar politics : बिहार की राजनीति में इन दिनों नीतीश कुमार और उनके बेटे निशांत कुमार को लेकर चर्चाएं तेज हैं. सत्तारूढ़ दल जनता दल (यूनाइटेड) (जेडीयू) के भीतर संकेत मिल रहे हैं कि निशांत को जल्द ही कोई बड़ी राजनीतिक जिम्मेदारी दी जा सकती है.

नीतीश कुमार फिर बने जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष

जेडीयू के संगठनात्मक चुनाव में नीतीश कुमार को एक बार फिर राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है. यह चुनाव निर्विरोध रहा, जिससे साफ है कि पार्टी कमान फिलहाल पूरी तरह उनके हाथों में ही है. वे अभी बिहार के मुख्यमंत्री भी हैं, जिससे संगठन और सरकार दोनों पर उनका नियंत्रण बना हुआ है.

निशांत कुमार की भूमिका पर मंथन

मीडिया सूत्रों के अनुसार निशांत कुमार को राजनीति में सक्रिय भूमिका देने की तैयारी चल रही है. चर्चा है कि उन्हें बिहार का उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है. हालांकि, इस पर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है. पहले यह संभावना जताई जा रही थी कि निशांत को अकेले डिप्टी सीएम बनाया जाए, ताकि उनकी अलग पहचान और राजनीतिक कद स्थापित किया जा सके. लेकिन अब पार्टी के भीतर एक नया फॉर्मूला चर्चा में है.

दो डिप्टी सीएम का फॉर्मूला

राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि जेडीयू दो उपमुख्यमंत्री बनाने पर विचार कर सकती है. इस फॉर्मूले के तहत निशांत के साथ एक अनुभवी नेता को भी डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है. इस संदर्भ में विजय चौधरी का नाम प्रमुखता से सामने आ रहा है, जिन्हें प्रशासनिक अनुभव का लाभ मिल सकता है.

जातीय और राजनीतिक संतुलन की रणनीति

यह संभावित व्यवस्था राज्य की जातीय और राजनीतिक संतुलन को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही है. पहले भी सरकार में अलग-अलग सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखकर उपमुख्यमंत्री बनाए गए हैं, जिसमें सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा जैसे नेताओं की भूमिका रही है.

अनुभव बनाम नई पीढ़ी का तालमेल

विश्लेषकों का मानना है कि निशांत कुमार अभी पूरी तरह से बड़े प्रशासनिक दायित्व के लिए तैयार नहीं माने जा रहे हैं. ऐसे में उनके साथ एक अनुभवी डिप्टी सीएम होने से सरकार चलाने में संतुलन बना रह सकता है. हालांकि यह भी तर्क दिया जा रहा है कि उपमुख्यमंत्री के पास एक मजबूत प्रशासनिक तंत्र होता है, जिसमें वरिष्ठ अधिकारी मार्गदर्शन करते हैं. ऐसे में निशांत के लिए काम सीखना मुश्किल नहीं होगा.

बिहार की राजनीति में अब आगे क्या?

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि जेडीयू अंततः किस मॉडल को अपनाती है, क्या निशांत कुमार को अकेले उपमुख्यमंत्री बनाया जाएगा? या फिर दो डिप्टी सीएम का फॉर्मूला लागू होगा? आने वाले दिनों में पार्टी के फैसले से बिहार की राजनीति की दिशा तय होगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *