सम्राट चौधरी के नाम पर मुहर लगा फंस तो नहीं गई भाजपा..! समझिए BJP बिहार में क्यों नहीं कर पाई पर्ची वाला खेल

Bihar politics : बिहार की राजनीति में लंबे समय से चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए सम्राट चौधरी को राज्य का नया मुख्यमंत्री चुना गया है. वे नीतीश कुमार के उत्तराधिकारी के रूप में राज्य की कमान संभालेंगे. हालांकि अन्य राज्यों की तरह बिहार में भी भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व द्वारा किसी बड़े सरप्राइज की संभावना जताई जा रही थी, लेकिन अंततः वही नाम सामने आया जो पहले से चर्चा में था.

नीतीश कुमार की अहम भूमिका

मीडिया सूत्रों के अनुसार राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप सम्राट चौधरी के नाम पर आखिरी फैसले के लिए नीतीश कुमार की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही. उन्होंने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि उनके बाद मुख्यमंत्री पद के लिए सम्राट चौधरी उपयुक्त विकल्प होंगे. नीतीश के निर्णय में बिना किसी फेरबदल के भाजपा द्वारा हामी भरे जाने का मुख्य कारण जनता दल (यूनाइटेड) (JDU) का पारंपरिक वोट बैंक माना जा रहा है, जिसमें कुर्मी, कोरी और अति पिछड़ा वर्ग शामिल हैं. पार्टी नेतृत्व चाहता था कि इन वर्गों में किसी प्रकार का बिखराव न हो.

गठबंधन समीकरण का असर

राजनीतिक जानकारों की मानें तो बिहार में गठबंधन राजनीति को देखते हुए यह संतुलित फैसला है. भाजपा को पहली बार राज्य की अगुवाई का मौका मिला है, वहीं JDU को भी खूद को मजबूत सहयोगी के रूप में बनाए रखने का मौका मिला है. इसके इतर सम्राट चौधरी की छवि एक ऐसे नेता की है जो गठबंधन धर्म को निभाने में सक्षम हैं. इसलिए भी भाजपा मान गई.

सम्राट चौधरी का राजनीतिक सफर

पिछले कुछ वर्षों में सम्राट चौधरी ने भाजपा में तेजी से उभरते हुए कई अहम पद संभाले हैं. प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उन्होंने पार्टी को मजबूत किया, 2023 के बाद विपक्ष के प्रमुख चेहरे बने और बाद में उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री के रूप में कार्य किया. 2025 के चुनावों में उनकी रणनीतियों और योजनाओं को NDA की सफलता का एक बड़ा कारण माना गया.

गठबंधन राजनीति के एक नए चरण की शुरुआत

मुख्यमंत्री पद के लिए प्रस्ताव विजय सिन्हा द्वारा रखा गया, जो पार्टी और संगठन में महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं. यह कदम पार्टी नेतृत्व की सहमति और रणनीतिक सोच को दर्शाता है. इसके अलावा JDU के वरिष्ठ नेताओं, जिनमें ललन सिंह और विजेंद्र यादव शामिल हैं, ने भी इस फैसले का समर्थन किया. अब जब सम्राट चौधरी के नाम पर मुहर लग गया है तो नए मुख्यमंत्री के रूप में सम्राट चौधरी के सामने कई बड़ी चुनौतियाँ होंगी. जैसे गठबंधन सरकार को संतुलित रखना, JDU और BJP के बीच तालमेल बनाए रखना, सुशासन मॉडल को आगे बढ़ाना और विकास कार्यों की निरंतरता बनाए रखना. ऐसे में राजनीतिक जानकारों का मानना है कि नीतीश कुमार भले ही सक्रिय राजनीति से कुछ पीछे हटें, लेकिन उनका प्रभाव बना रहेगा. कूल मिलाकर बिहार में यह बदलाव सिर्फ नेतृत्व परिवर्तन नहीं, बल्कि गठबंधन राजनीति के एक नए चरण की शुरुआत भी है. अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि सम्राट चौधरी किस तरह इस जिम्मेदारी को निभाते हैं और राज्य को विकास की दिशा में आगे बढ़ाते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *