Samrat Choudhary : बिहार की राजनीति में चल रहे सियासी घटनाक्रम के बीच अब नई सरकार के गठन की तस्वीर लगभग साफ हो गई है. ताज़ा जानकारी के अनुसार सम्राट चौधरी आज मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. उनके साथ फिलहाल केवल दो वरिष्ठ नेताओं को कैबिनेट में शामिल किया जाएगा, जिन्हें उपमुख्यमंत्री बनाया जाएगा. मीडिया रिपोर्ट की मानें तो जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की ओर से विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव को डिप्टी सीएम पद की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी. इस फैसले पर जदयू की कोर कमेटी की बैठक में सहमति बनी है.
दो चरणों में होगा मंत्रिमंडल विस्तार
सूत्रों के मुताबिक फिलहाल सीमित मंत्रिमंडल के साथ सरकार का गठन किया जाएगा. पहले चरण में सिर्फ मुख्यमंत्री और दो उपमुख्यमंत्री ही शपथ लेंगे. बाकी मंत्रियों को शामिल करने के लिए मंत्रिमंडल विस्तार मई के पहले सप्ताह में प्रस्तावित है. उस समय विभिन्न विभागों का बंटवारा और नए चेहरों को जगह दी जाएगी.
कौन हैं विजय कुमार चौधरी
विजय कुमार चौधरी बिहार की राजनीति में एक भरोसेमंद और अनुभवी नेता माने जाते हैं. वे लंबे समय से नीतीश कुमार के करीबी सहयोगी रहे हैं. राजनीति में आने से पहले वे भारतीय स्टेट बैंक में अधिकारी थे. फिर 1982 में उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर अपना पहला चुनाव जीता. 2005 में वे जदयू में शामिल हुए और तब से पार्टी के प्रमुख रणनीतिक चेहरों में रहे हैं. वर्तमान में वे सरायरंजन से विधायक हैं और जल संसाधन व संसदीय कार्य मंत्री का पद संभाल रहे हैं. इससे पहले वे शिक्षा, वित्त और वाणिज्यकर जैसे महत्वपूर्ण विभाग भी देख चुके हैं.
कौन हैं बिजेंद्र प्रसाद यादव
बिजेंद्र प्रसाद यादव भी राज्य के सबसे अनुभवी नेताओं में गिने जाते हैं. वे 1990 से लगातार सुपौल विधानसभा सीट से चुनाव जीतते आ रहे हैं. वर्तमान में उनके पास ऊर्जा, वित्त और वाणिज्यकर जैसे अहम विभाग हैं. उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत में लालू प्रसाद यादव की सरकार में मंत्री पद संभाला था. इसके अलावा वे जदयू के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं.
राजनीतिक समीकरण पर नजर
नई सरकार का यह प्रारंभिक स्वरूप संकेत देता है कि नेतृत्व फिलहाल सीमित लेकिन अनुभवी हाथों में रखा जा रहा है. मई में होने वाले मंत्रिमंडल विस्तार के दौरान राजनीतिक संतुलन, क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व और जातीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए बड़े फैसले लिए जा सकते हैं.