Bihar Census 2027: बिहार में जनगणना 2027 के तहत एक नई डिजिटल पहल की शुरुआत 17 अप्रैल 2026 से होने जा रही है. पहली बार राज्य के नागरिकों को स्व-गणना (Self Enumeration) के माध्यम से अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने का मौका मिलेगा. यह प्रक्रिया 17 अप्रैल से 1 मई 2026 तक चलेगी.
लोग घर बैठे भर सकेंगे फॉर्म
सरकार द्वारा जारी आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर लोग अपने परिवार और आवास से जुड़ी जानकारी खुद भर सकेंगे. इसके लिए परिवार के मुखिया के नाम और परिवार के किसी एक सदस्य के मोबाइल नंबर से रजिस्ट्रेशन करना अनिवार्य होगा. रजिस्ट्रेशन के बाद नागरिकों को कुल 33 सवालों के जवाब देने होंगे. इन सवालों में मकान की स्थिति, फर्श, दीवार और छत की बनावट, परिवार के सदस्यों की संख्या, पेयजल, बिजली, शौचालय, रसोई, गैस कनेक्शन, इंटरनेट, मोबाइल, वाहन जैसी बुनियादी सुविधाओं से संबंधित जानकारी शामिल होगी. ऑनलाइन फॉर्म जमा करने के बाद प्रत्येक परिवार को एक यूनिक सेल्फ एन्यूमरेशन आईडी प्रदान की जाएगी. इस आईडी को सुरक्षित रखना जरूरी होगा, क्योंकि अगले चरण में जब प्रगणक घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे, तब इसी आईडी के आधार पर जानकारी की पुष्टि की जाएगी.
सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने की नहीं पड़ेगी जरूरत
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के प्रधान सचिव सीके अनिल ने बताया कि इस नई व्यवस्था से आम लोगों की भागीदारी सीधे तौर पर बढ़ेगी और जनगणना प्रक्रिया अधिक सटीक, तेज और आधुनिक बनेगी. उन्होंने इसे जनगणना को पूरी तरह डिजिटल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया. सरकार के अनुसार, इस ऑनलाइन व्यवस्था से लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और वे सुरक्षित तरीके से घर बैठे अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे. बिहार में पहली बार इस तरह की डिजिटल स्व-गणना प्रणाली लागू की जा रही है, जिससे प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और आसान बनाने की उम्मीद है.