Thalapathy Vijay politics : पांच राज्यों के चुनावी नतीजों में भले ही बंगाल में भाजपा की जीत सुर्खियों में अव्वल है लेकिन तमिलनाडु की राजनीति घटनाक्रम ने पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींचा है. अभिनेता से राजनेता बने विजय (थलापति) ने पहली बार चुनाव लड़ते हुए उल्लेखनीय प्रदर्शन किया और 100 से अधिक सीटों पर बढ़त बनाकर लगभग बहुमत की स्थिति हासिल कर ली. तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजों ने स्थापित राजनीतिक समीकरणों को हिला दिया है. हालांकि इसके अलावा एक चीज और है जिसको लेकर चर्चा हो रही है.
क्या है पूरा मामला
दरअसल तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजों के साथ साथ सोशल मीडिया पर कई सारे वीडियो वायरल है.जिसमें प्रशांत किशोर, विजय (थलापति) और खुद को लेकर दावा करते दिख रहे हैं. वायरल वीडियो में प्रशांत किशोर विजय (थलापति) के जीत का दावा करते हुए कह रहे हैं कि अगर ऐसा हो गया तो वो एम. एस. धोनी जैसी लोकप्रिय हासिल कर लेगें. अब जब विजय (थलापति) जीत गए हैं तो वायरल हो रहे वीडियो को लेकर सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में एक सवाल तेजी से चर्चा में है, क्या प्रशांत किशोर की रणनीति ने एम. एस. धोनी जैसी लोकप्रिय शख्सियतों की तुलना में भी एक नई तरह की पॉपुलैरिटी की परिभाषा गढ़ दी है? हालांकि यह तुलना महज प्रतीकात्मक है, लेकिन तमिलनाडु में जो राजनीतिक बदलाव दिख रहा है, वह वाकई असाधारण माना जा रहा है.
क्या है विजय (थलापति) की जीत की असली वजह?
अभिनेता-राजनेता विजय (थलापति) की नई पार्टी ने पहली बार चुनाव लड़ते हुए उल्लेखनीय प्रदर्शन किया और 100 से अधिक सीटों पर बढ़त बनाकर लगभग बहुमत की स्थिति हासिल कर ली. दूसरी ओर लंबे समय से सत्ता में रही द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) को भारी नुकसान उठाना पड़ा. सबसे बड़ा झटका तब लगा जब मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन अपने ही क्षेत्र में हार गए. विश्लेषकों के अनुसार यह जीत केवल विजय (थलापति) के स्टार पावर का परिणाम नहीं है. बल्की इसके पीछे कई स्तरों पर काम किया गया था जिसका यह नतीजा है. सबसे पहले रणनीतिक मैनेजमेंट के तहत बूथ-स्तर तक संगठन तैयार किया गया. फिर डेटा एनालिटिक्स का उपयोग किया और मतदाताओं की प्राथमिकताओं को समझकर अभियान चलाया.
इमोशनल फैक्टर भी बना चर्चा का विषय
चुनाव में बड़े पैमाने पर लोक-लुभावन घोषणाएं की गईं, जैसे मुफ्त बिजली, महिलाओं को आर्थिक सहायता, बेरोजगारों के लिए नौकरियां और सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, इन वादों ने खासकर युवाओं और महिलाओं को आकर्षित किया. इसके साथ साथ लंबे समय तक सत्ता में रहने के कारण DMK के खिलाफ नाराजगी, भ्रष्टाचार के आरोप और जनता से दूरी जैसे मुद्दे उभरकर सामने आए. और एंटी-इंकंबेंसी फैक्टर काम आया. सबसे अहम रहा इमेज रीब्रांडिंग. विजय (थलापति) को सिर्फ फिल्मी स्टार के बजाय एक साधारण, संवेदनशील नेता के रूप में पेश किया गया. इससे मतदाताओं के साथ भावनात्मक जुड़ाव मजबूत हुआ. जिसका फायदा चुनाव में मिला. चुनाव के दौरान अभिनेत्री त्रिशा कृष्णन का नाम भी चर्चा में रहा. सोशल मीडिया पर इसे इमोशनल कनेक्शन और लेडी लक जैसे नजरिए से देखा गया. हालांकि इसका वास्तविक प्रभाव मापना मुश्किल है, लेकिन यह चुनावी नैरेटिव का हिस्सा जरूर बना.
प्रोफेशनल रणनीति अब राजनीति का नया मानक
विजय (थलापति) के जीत को लेकर राजनीतिक विश्लेषण में कई पहलू पर चर्चा हो रही है. यह तर्क दिया जा रहा है कि भले ही प्रशांत किशोर अपनी पार्टी के साथ चुनावी सफलता हासिल न कर पाए हों, लेकिन एक रणनीतिकार के रूप में उनका ट्रैक रिकॉर्ड मजबूत रहा है. 2014 में नरेंद्र मोदी, बिहार में नीतीश कुमार, आंध्र प्रदेश में वाई. एस. जगनमोहन रेड्डी, और पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के अभियानों में उनकी भूमिका रही है. जिसके बाद अब तमिलनाडु में विजय (थलापति) की जीत. हालांकि प्रशांत किशोर सीधे तौर पर चुनावी रणनीति से दुरी बना चुके हैं. लेकिन वायरल हो रहे पूराने वीडियो के चलते उनका नाम एक बार फिर से चर्चा में है.
क्या बदलेगा राष्ट्रीय राजनीति का रुख?
तमिलनाडु का यह परिणाम कई बड़े सवाल खड़े करता है कि क्या क्षेत्रीय दलों का पारंपरिक वर्चस्व टूट रहा है? क्या डेटा और प्रोफेशनल रणनीति अब राजनीति का नया मानक बनेंगे? कुल मिलाकर तमिलनाडु का यह चुनाव केवल सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि राजनीति के बदलते स्वरूप का संकेत है. जहां करिश्मा, रणनीति, डेटा और भावनात्मक अपील सभी का मिश्रण देखने को मिला. खेल में फिनिशर की भुमिका के तर्ज पर अब राजनीति में भी फिनिशिंग टच देने वाले रणनीतिकारों की भूमिका महत्वपूर्ण होती जा रही है.