बिहार में 7 मई को मंत्रिमंडल विस्तार…गांधी मैदान में होगा भव्य समारोह, 27 मंत्री लेंगे शपथ लेकिन इनका कटेगा पत्ता !

Bihar cabinet expansion : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य मंत्रिमंडल का विस्तार 7 मई को किया जाएगा. यह समारोह पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित होगा. सूत्रों के अनुसार शपथ ग्रहण समारोह सुबह लगभग 11 बजे शुरू हो सकता है. इस कार्यक्रम को भव्य बनाने की तैयारी जोरों पर है.

शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी संभव

मंत्रिमंडल विस्तार कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है. ध्यान देने वाली बात यह है कि सम्राट चौधरी के शपथ ग्रहण समारोह में शीर्ष नेतृत्व की उपस्थिति सीमित थी, लेकिन इस बार कार्यक्रम को बड़े स्तर पर आयोजित करने की तैयारी है. सूत्रों के मुताबिक बिहार मंत्रिमंडल में कुल 30 मंत्री शामिल होंगे. इनमें 3 पहले से (मुख्यमंत्री + 2 डिप्टी CM) और 27 नए मंत्री 7 मई को शपथ लेंगे. हालांकि कुछ पद भविष्य के लिए खाली रखे जा सकते हैं.

एनडीए के बीच सीटों का बंटवारा

मंत्रिमंडल में सहयोगी दलों के बीच संभावित बंटवारा इस प्रकार बताया जा रहा है:

  • भाजपा: 12 मंत्री
  • जेडीयू: 11 मंत्री
  • लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास): 2 मंत्री
  • हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा: 1 मंत्री
  • राष्ट्रीय लोक मोर्चा: 1 मंत्री

इस बार मंत्रिमंडल विस्तार में कुछ नए चेहरों को शामिल करने की संभावना है. साथ ही, महिलाओं को भी प्रतिनिधित्व देने पर जोर दिया जा सकता है. हाल ही में हुए चुनावों में भाजपा को पूर्वी भारत के कई राज्यों में सफलता मिली है, जिसके बाद बिहार में यह विस्तार राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है. यह पहली बार है जब बिहार में भाजपा नेतृत्व वाला मुख्यमंत्री पद पर है. राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज है और संभावित मंत्रियों की धड़कनें बढ़ी हुई हैं. बताया जा रहा है कि 6 मई से ही संभावित मंत्रियों को फोन कॉल आने शुरू हो सकते हैं. अब सबकी नजरें 7 मई पर टिकी हैं, जब यह साफ होगा कि किसे मंत्रिमंडल में जगह मिलती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *