West Bengal Elections : पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) की बड़ी जीत के साथ ही सरकार गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है. पार्टी सूत्रों के अनुसार, नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 10 मई से पहले आयोजित किया जा सकता है. खास बात यह है कि 9 मई को महान साहित्यकार रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती होती है, जिसे ध्यान में रखते हुए इस तारीख को विशेष महत्व दिया जा रहा है.
भविष्य की राजनीतिक रणनीति पर चर्चा
सूत्रों के मुताबिक, सरकार गठन की रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए दिल्ली में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की एक अहम बैठक प्रस्तावित है. इस बैठक में शुभेंदु अधिकारी, समिक भट्टाचार्य, भूपेंद्र यादव, सुनील बंसल, बिप्लब देब और अमित मालवीय शामिल हो सकते हैं. बताया जा रहा है कि यह बैठक केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन की मौजूदगी में होगी. बैठक में राज्य में सरकार गठन की प्रक्रिया, मुख्यमंत्री के नाम पर विचार-विमर्श और भविष्य की राजनीतिक रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी.
आज देर रात या कल आयोजित की जा सकती है बैठक
सूत्रों का यह भी कहना है कि बैठक आज देर रात या फिर कल आयोजित की जा सकती है. पार्टी नेतृत्व चाहता है कि सरकार गठन में किसी तरह की देरी न हो और जल्द से जल्द नई सरकार कामकाज संभाल ले. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की यह जीत राज्य की राजनीति में एक बड़ा बदलाव ला सकती है और आने वाले समय में इसका असर राष्ट्रीय राजनीति पर भी देखने को मिल सकता है.