Rahul gandhi on students protest : बिहार में शिक्षक भर्ती के चौथे चरण यानी TRE -4 के विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर राजधानी पटना में हजारों छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान पुलिस और छात्रों के बीच तनाव बढ़ गया, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया. घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं.
क्या है छात्रों की मांग
छात्र अभ्यर्थियों का आरोप है कि बिहार सरकार लगातार भर्ती प्रक्रिया को लेकर तारीखें बदल रही है, लेकिन अब तक स्पष्ट नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया. इसी नाराजगी के चलते बड़ी संख्या में अभ्यर्थी जेपी गोलंबर से लेकर डाक बंगला चौराहा तक सड़कों पर उतरे और प्रदर्शन किया. प्रदर्शन कर रहे छात्रों की मुख्य मांग है कि सरकार जल्द से जल्द टीआर-4 भर्ती का विज्ञापन जारी करे. छात्र नेताओं का कहना है कि पहले सरकार की ओर से करीब 1.20 लाख पदों पर भर्ती का संकेत दिया गया था, बाद में यह संख्या घटाकर 46 हजार बताई गई और अब केवल 26 से 27 हजार सीटों की चर्चा हो रही है. इसे लेकर अभ्यर्थियों में भारी नाराजगी है.
पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल
प्रदर्शन के दौरान स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने छात्रों को हटाने के लिए बल प्रयोग किया. वायरल वीडियो में कई छात्रों पर लाठियां बरसती दिखाई दे रही हैं. विपक्ष ने इस कार्रवाई को लेकर बिहार सरकार पर निशाना साधा है.
राहुल गांधी का हमला
Rahul Gandhi ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि पटना में रोजगार की मांग कर रहे शांतिपूर्ण शिक्षक अभ्यर्थियों पर बिहार पुलिस ने बेरहमी से लाठीचार्ज किया. राहुल गांधी ने लिखा कि भारत में बेरोजगारी सबसे बड़ी समस्या बन चुकी है और इसकी सबसे ज्यादा मार बिहार और उत्तर प्रदेश के युवाओं पर पड़ रही है. लाखों युवा डिग्री और काबिलियत होने के बावजूद रोजगार के लिए भटक रहे हैं, लेकिन बीजेपी सरकार के पास युवाओं को रोजगार देने के बजाय लाठियां हैं.उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी युवाओं की आवाज के साथ खड़ी है और बेरोजगार युवाओं के संघर्ष का समर्थन करती रहेगी.
भर्ती प्रक्रिया को लेकर बढ़ता असंतोष
बिहार में शिक्षक भर्ती को लेकर पिछले कुछ महीनों से लगातार असमंजस की स्थिति बनी हुई है. अभ्यर्थियों का कहना है कि सरकार की ओर से बार-बार अलग-अलग आंकड़े और तिथियां सामने आने से युवाओं में भ्रम और आक्रोश बढ़ रहा है. अब टीआर-4 भर्ती का नोटिफिकेशन जल्द जारी करने की मांग तेज हो गई है.