Bihar News Today : MLC नहीं बनना चाहते तेजप्रताप यादव..! आंधी-बारिश से फसल-फल के नुकसान में राहत देगी सरकार

Bihar ki Dinbhar ki khabar : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दिल्ली से बिहार लौट आए हैं. पटना पहुंचते ही वो सबसे पहले नीतीश कुमार से मुलाकात की. बताया जा रहा है कि दोनों की ये मुलाकात आगामी बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर हुआ है.उधर खबर है कि राबड़ी देवी अपने बड़े बेटे तेजप्रताप यादव को एमएलसी बनाना चाहती हैं लेकिन तेजप्रताप ने इंकार कर दिया..पढ़िए आज की बड़ी खबर

  • मदरसा और संस्कृत शिक्षा बोर्ड के सभी स्कूलों की होगी जांच

बिहार सरकार ने राज्य की शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ाने और अनियमितताओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से बड़ा कदम उठाया है. शिक्षा मंत्री Mithilesh Tiwari ने राज्य के सभी मदरसा और संस्कृत विद्यालयों की जांच कराने के निर्देश दिए हैं. सरकार के इस फैसले के बाद शिक्षा विभाग में हलचल तेज हो गई है. शिक्षा मंत्री ने स्पष्ट कहा कि बिहार सरकार शिक्षा के क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अनियमितता या नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं करेगी. उन्होंने कहा कि जो संस्थान नियमों के अनुरूप संचालित नहीं पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की नीति सभी शिक्षण संस्थानों के प्रति समान और पारदर्शी है. उनके अनुसार जिस तरह मदरसों के विकास और सुदृढ़ीकरण पर ध्यान दिया जा रहा है, उसी तरह संस्कृत विद्यालयों को भी मजबूत बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है. इसी उद्देश्य से मंत्रालय स्तर पर व्यापक जांच की तैयारी की गई है.

  • बिहार कैडर के अधिकारियों से सीएम ने की मुलाकात

गुरुवार को दिल्ली पहुंचे बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने द्रौपदी मुर्मू से शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने कई वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात की और बिहार कैडर के आईएएस एवं आईपीएस अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की. बैठक में बिहार में विकास कार्यों को तेज गति देने और केंद्र एवं राज्य के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विस्तार से चर्चा हुई. दिल्ली में विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों और अहम विभागों में कार्यरत बिहार कैडर के अधिकारियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए सम्राट चौधरी ने उनसे विकसित बिहार के लक्ष्य को साकार करने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया. उन्होंने अधिकारियों से केंद्रीय योजनाओं की मंजूरी से लेकर उनके प्रभावी क्रियान्वयन तक तेजी लाने की अपील की. रात्रि में सम्राट चौधरी द्वारा अधिकारियों के सम्मान में आयोजित भोज में संजय झा, ललन सिंह, रविशंकर प्रसाद, चिराग पासवान, गिरिराज सिंह और रामनाथ ठाकुर समेत कई वरिष्ठ राजनीतिक हस्तियां मौजूद रहीं. सम्राट चौधरी ने अधिकारियों से कहा कि वे अपनी क्षमता, ईमानदारी और अनुभव का उपयोग करते हुए बिहार को विकसित राज्य बनाने के संकल्प को मजबूत करें और राज्य के विकास में प्रभावी भूमिका निभाएं.

  • आंधी-बारिश से फसल-फल के नुकसान में राहत देगी सरकार

बिहार में मौसम के अचानक बदले मिजाज और कुदरत के कहर ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. राज्य के कई जिलों में तेज आंधी, मूसलाधार बारिश और भारी ओलावृष्टि से खेतों में खड़ी फसलों के साथ-साथ बागों में लगे फलों को भी भारी नुकसान पहुंचा है. इस आपदा से परेशान किसानों के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राहत भरी घोषणा की है. मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को कृषि विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक के बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में फसल और फलों के नुकसान का जल्द सर्वे कराया जाएगा. सीएम सम्राट चौधरी ने अपने पोस्ट में लिखा कि राज्य के कई जिलों में अचानक तेज आंधी-बारिश एवं ओलावृष्टि से हुई फसल क्षति एवं वृक्षों पर लगे फलों के नुकसान का सर्वे कराने का निर्देश कृषि विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग को दिया गया है, ताकि प्रभावित किसानों को समुचित राहत उपलब्ध कराई जा सके.

  • बिहार में आज बारिश का रेड अलर्ट

बिहार में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. राजधानी पटना समेत राज्य के कई जिलों में शुक्रवार सुबह से लगातार झमाझम बारिश हो रही है. बारिश के कारण लोगों को भीषण गर्मी और उमस से काफी राहत मिली है. हालांकि, कई इलाकों में तेज आंधी और तूफानी हवाओं के चलते हालात भी बिगड़ते नजर आए. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 29 मई से 4 जून 2026 तक बिहार के अधिकांश जिलों में बारिश की संभावना बनी हुई है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश का अनुमान जताया है. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बिहार में आज रेड अलर्ट जारी किया गया है. तेज आंधी, बारिश और खराब मौसम को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग की ओर से आम नागरिकों के मोबाइल फोन पर अलर्ट संदेश भी भेजे जा रहे हैं. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आकाशीय बिजली से अब तक राज्य में 8 लोगों की मौतें हुई हैं. वहीं मौसम विभाग ने कल यानी शनिवार को 25 जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है

  • राबड़ी देवी को फिर से बंगला खाली करने का नोटिस

बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को एक बार फिर सरकारी आवास खाली करने का नोटिस जारी किया गया है. सम्राट सरकार ने पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास को मंत्री नंदकिशोर राम के नाम आवंटित कर दिया है. भवन निर्माण विभाग इससे पहले भी राबड़ी देवी को आवास खाली करने का नोटिस भेज चुका है. राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और उनके परिवार के सदस्य करीब दो दशकों से इस आवास में रह रहे हैं. इससे पहले नीतीश सरकार ने लालू परिवार को 39 हार्डिंग रोड पर नया सरकारी बंगला आवंटित किया था, लेकिन अब तक परिवार वहां शिफ्ट नहीं हुआ है.

  • राजद के सिंबल पर एमएलसी नहीं बनेंगे तेजप्रताप यादव

बिहार विधान परिषद की 10 सीटों के लिए 18 जून को मतदान होना है. उससे पहले खबर आ रही है कि राबड़ी देवी अपने बड़े बेटे तेजप्रताप यादव को एमएलसी बनाना चाहती हैं और इस पर परिवार में सहमति भी बन चुकी थी. हालांकि, तेजप्रताप के एक फैसले से मामला उलझ गया है. दरअसल, तेजप्रताप राजद के बजाय अपनी पार्टी जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) के बैनर तले विधान परिषद जाना चाहते हैं. वहीं, उनके भाई और राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव इस शर्त से सहमत नहीं बताए जा रहे हैं.

  • किशनगंज में NIA का छापा

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने शुक्रवार को देश के चार राज्यों में 12 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की. इनमें बिहार के दो स्थान भी शामिल हैं. किशनगंज जिले के पोठिया प्रखंड स्थित मिर्जापुर गांव में भी कार्रवाई की गई. जानकारी के मुताबिक एनआईए की टीम ने सुबह करीब 3 बजे जनता हाट निवासी मनोज रविदास (22), पिता लखन रविदास, के घर पर करीब आठ घंटे तक तलाशी अभियान चलाया. इस दौरान एनएसजी और अन्य सुरक्षा बलों के जवान भी मौजूद रहे. छापेमारी के बाद संदिग्ध मनोज रविदास को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है. बताया जा रहा है कि वह पिछले दो वर्षों से जनता हाट में जूते-चप्पल की दुकान चलाता है.

  • बिहार में दाखिल-खारिज मामलों के त्वरित निपटारे के निर्देश

बिहार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री Dilip Jaiswal ने लंबित दाखिल-खारिज आवेदनों का 15 दिनों के भीतर निपटारा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. विभागीय अधिकारियों को मामूली तकनीकी त्रुटियों के कारण आम लोगों को परेशान नहीं करने को कहा गया है.

  • विक्रमशिला सेतु पर 7 जून से पहले शुरू होगा परिचालन

भागलपुर के जिलाधिकारी नवल किशोर चौधरी ने कहा कि Vikramshila Setu पर 7 जून से पहले वाहनों का परिचालन शुरू कर दिया जाएगा. पुल पर बेली ब्रिज निर्माण कार्य अंतिम चरण में है.

  • भाजपा ने बिहार प्रदेश संगठन के नए पदाधिकारियों की घोषणा की

भाजपा ने बिहार प्रदेश संगठन के नए पदाधिकारियों की घोषणा की है. कई नेताओं को प्रदेश उपाध्यक्ष और महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *