Hardik pandya news : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में अगले सीजन से पहले बड़ी हलचल देखने को मिल रही है. एक तरफ विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की कप्तानी छोड़ दी है, वहीं दूसरी ओर ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या के मुंबई इंडियंस (MI) से अलग होने की खबरें तेज हो गई हैं. दोनों टीमों के खराब प्रदर्शन और आंतरिक मतभेदों ने फ्रेंचाइजियों के सामने नए सवाल खड़े कर दिए हैं.
ऋषभ पंत ने छोड़ी LSG की कप्तानी
लखनऊ सुपर जायंट्स ने आधिकारिक रूप से पुष्टि की है कि टीम के कप्तान ऋषभ पंत ने खुद कप्तानी छोड़ने का अनुरोध किया था, जिसे फ्रेंचाइजी ने स्वीकार कर लिया. LSG के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट टॉम मूडी ने कहा कि खेल में इस तरह के फैसले आसान नहीं होते, लेकिन फ्रेंचाइजी ने पंत के फैसले का सम्मान किया है. पंत को लखनऊ ने 27 करोड़ रुपए की भारी कीमत पर खरीदा था. हालांकि वे अपने प्रदर्शन के उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके. पूरे सीजन में वे सिर्फ 312 रन ही बना पाए. टीम का प्रदर्शन भी बेहद निराशाजनक रहा और लखनऊ अंक तालिका में 10वें और आखिरी स्थान पर रही. कप्तानी छोड़ने के फैसले को पंत के खराब फॉर्म और टीम के असफल अभियान से जोड़कर देखा जा रहा है. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि अगले सीजन में पंत LSG के लिए बल्लेबाज की भूमिका निभाते नजर आएंगे या फिर किसी दूसरे फ्रेंचाइजी के लिए खेलते दिखेंगे.
हार्दिक पंड्या के मुंबई छोड़ने की चर्चा तेज
इस बीच मुंबई इंडियंस को लेकर भी बड़ी खबर सामने आई है. न्यूज एजेंसी PTI की एक रिपोर्ट के मुताबिक हार्दिक पंड्या ने मुंबई इंडियंस मैनेजमेंट को टीम छोड़ने की इच्छा जताई है. रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि पंड्या ने प्लेऑफ की रेस से बाहर होने के बाद मैनेजमेंट को अपने फैसले की जानकारी दी थी. सूत्रों के अनुसार, हार्दिक टीम के खराब प्रदर्शन और कुछ सीनियर खिलाड़ियों के साथ मतभेदों के कारण तनाव में थे. बताया जा रहा है कि फ्रेंचाइजी और खिलाड़ी के बीच अलग होने को लेकर सहमति भी बन चुकी है.
कप्तानी के बाद बढ़ा दबाव
हार्दिक पंड्या 2015 से 2021 तक मुंबई इंडियंस का हिस्सा रहे थे. इसके बाद उन्होंने गुजरात टाइटंस की कप्तानी संभाली और टीम को 2022 में चैंपियन बनाया. 2024 में उनकी मुंबई में वापसी हुई और रोहित शर्मा की जगह उन्हें कप्तान नियुक्त किया गया. हालांकि कप्तानी संभालने के बाद से हार्दिक लगातार दबाव में नजर आए. 2024 में मुंबई इंडियंस अंक तालिका में आखिरी स्थान पर रही, जबकि 2025 में टीम प्लेऑफ तक पहुंची लेकिन खिताब नहीं जीत सकी. इन दोनों सीजन के दौरान लगातार ऐसी खबरें आती रहीं कि पंड्या टीम छोड़ सकते हैं या उनसे कप्तानी छीनी जा सकती है. अब एक बार फिर मुंबई और हार्दिक के रिश्तों को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं. अगर पंड्या टीम से अलग होते हैं, तो यह IPL के अगले सीजन से पहले सबसे बड़ा बदलाव माना जाएगा.
अगले सीजन पर सबकी नजर
IPL की दो बड़ी फ्रेंचाइजियों में चल रही इन हलचलों ने अगले सीजन को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है. ऋषभ पंत और हार्दिक पंड्या जैसे बड़े खिलाड़ियों के फैसले न सिर्फ उनकी टीमों बल्कि पूरे टूर्नामेंट की रणनीतियों को प्रभावित कर सकते हैं. अब फैंस की नजर इस बात पर रहेगी कि आने वाले दिनों में दोनों खिलाड़ी किस भूमिका में नजर आते हैं.