Bihar ki Dinbhar ki khabar : भवन निर्माण विभाग की ओर से जारी पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के 20 साल पुराना सरकारी बंगला खाली करने के आदेश पर आज राबड़ी देवी ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि आवास खाली कराना है तो फोर्स बुलाकर खाली करवा लें. पढ़िए दिनभर की दूसरी बड़ी खबरें…
-
भारत दौरे पर बिहार पहुंचे म्यांमार के राष्ट्रपति यू म्यिंट आंग ह्लाइंग
म्यांमार के राष्ट्रपति यू म्यिंट आंग ह्लाइंग पांच दिवसीय भारत यात्रा पर शनिवार को बिहार के गया पहुंचे. राष्ट्रपति के साथ एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है. गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया. पदभार ग्रहण करने के बाद यह राष्ट्रपति ह्लाइंग की पहली विदेश यात्रा है. गया प्रवास के दौरान उन्होंने विश्व प्रसिद्ध महाबोधि मंदिर और बकरौर स्थित ऐतिहासिक सुजाता मंदिर में पूजा-अर्चना की. उन्होंने म्यांमार से जुड़े विभिन्न बौद्ध मठों का भी दौरा किया. उनके आगमन को देखते हुए बोधगया और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. राष्ट्रपति बाद में नई दिल्ली पहुंचे, जहां केंद्रीय मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने उनका स्वागत किया. यात्रा के दौरान वे विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से मुलाकात करेंगे. सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति ह्लाइंग के बीच द्विपक्षीय वार्ता प्रस्तावित है, जिसमें दोनों देशों के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आर्थिक संबंधों को और मजबूत बनाने पर चर्चा होगी. राष्ट्रपति मुंबई में उद्योग एवं व्यापार जगत के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे.
-
सरकारी आवास खाली करने से राबड़ी देवी ने किया मना
बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को 20 वर्षों से आवंटित सरकारी बंगला खाली करने का निर्देश दिया गया है. भवन निर्माण विभाग ने शुक्रवार को इस संबंध में नोटिस जारी किया. विभाग की ओर से यह राबड़ी देवी को भेजा गया तीसरा नोटिस है. नोटिस पर प्रतिक्रिया देते हुए राबड़ी देवी ने कहा कि वह 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास किसी भी कीमत पर खाली नहीं करेंगी. उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी नए-नए मुख्यमंत्री बने हैं. अगर उन्हें आवास खाली कराना है तो फोर्स बुलाकर खाली करवा लें. शुक्रवार को दिल्ली से पटना लौटने के बाद राबड़ी देवी ने मीडिया से बातचीत में यह बात कही. इधर, सचिवालय एसडीपीओ अनु कुमारी राबड़ी आवास पहुंचीं. मौके पर पुलिस बल को भी बुलाया गया था. एसडीपीओ ने आवास के भीतर जाकर राबड़ी देवी से बातचीत की. भवन निर्माण विभाग के नोटिस के अनुसार, 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित किया जा चुका है. विभाग ने यह भी बताया कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के बाद राबड़ी देवी को 39 हार्डिंग रोड स्थित नया सरकारी बंगला आवंटित किया गया था.
-
पटना में विकास योजनाओं की समीक्षा
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी की अध्यक्षता में पटना समाहरणालय में जिला कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति एवं जिला नागरिक परिषद की बैठक आयोजित की गई. बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए विभिन्न सुझावों पर चर्चा हुई. उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनहित से जुड़ी योजनाओं के समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए.
-
गंगा में नाव परिचालन को लेकर सख्त नियम
पटना जिला प्रशासन ने गंगा नदी में नावों के सुरक्षित संचालन को लेकर कड़े निर्देश जारी किए हैं. जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने स्पष्ट किया कि बिना पंजीकरण वाली नावों का संचालन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा. प्रशासन ने सभी घाटों पर विशेष निगरानी बढ़ाने, नाविकों का पंजीकरण सुनिश्चित करने और जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया है. साथ ही सूर्यास्त के बाद और सूर्योदय से पहले नावों के संचालन पर प्रतिबंध लगाया गया है.
-
भ्रष्टाचार के आरोप में दो आईएएस अधिकारी निलंबित
बिहार सरकार ने भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के दो अधिकारियों को निलंबित कर दिया है. सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, प्रवर्तन निदेशालय (ED) और विशेष निगरानी इकाई से प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर कार्रवाई की गई है. निलंबित अधिकारियों में बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड के तत्कालीन प्रबंध निदेशक योगेश कुमार सागर तथा जीविका की अपर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी अभिलाषा कुमारी शर्मा शामिल हैं.
-
पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूकता पदयात्रा
बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण परिषद की ओर से पटना में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए पदयात्रा निकाली गई. गांधी मैदान से आयकर गोलंबर तक आयोजित इस पदयात्रा में लगभग 500 लोगों ने भाग लिया. प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया.
-
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने पश्चिम चंपारण सहित राज्य के कई जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. अगले 24 घंटों के दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और कई स्थानों पर बारिश की संभावना जताई गई है. पिछले 24 घंटों में पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में सर्वाधिक 116.3 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि पूर्णिया के कस्बा में 82.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. रिपोर्ट की मानें तो राज्य में आंधी, बारिश और वज्रपात की विभिन्न घटनाओं में 13 लोगों की मौत की खबर है. हालांकि प्रशासनिक स्तर पर अब तक सात मौतों की आधिकारिक पुष्टि की गई है. गया, नवादा, पूर्वी चंपारण, औरंगाबाद, सारण, खगड़िया, रोहतास और भागलपुर जिलों से जनहानि की सूचना मिली है. मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अनुग्रह अनुदान देने की घोषणा की है.