Bihar ki Dinbhar ki khabar : बिहार से जुड़ी सबसे बड़ी खबर आई आज खेल जगत से जहां युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को भारतीय सीनियर टी20 टीम में शामिल किया गया है. वहीं दूसरी ओर ग्लोबल स्टडीज के संस्थापक खान सर के वकील ने कहा कि वो पटना सिविल कोर्ट में सरेंडर नहीं करेंगे. पढ़िए आज (Bihar news Today ) की बड़ी खबरें…
-
अशरफ अंसारी बने लोजपा (रामविलास) उम्मीदवार
बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने अपने कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष अशरफ अंसारी को विधान परिषद चुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित किया है. इससे पहले भाजपा और जदयू अपने-अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर चुके हैं. वहीं, पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश को उम्मीदवार नहीं बनाए जाने को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हैं. राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि नामांकन प्रक्रिया अभी जारी है और लोगों को अंतिम निर्णय तक इंतजार करना चाहिए. बिहार विधान परिषद की नौ सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव और एक सीट पर उपचुनाव होना है. नामांकन की अंतिम तिथि 8 जून निर्धारित है, जबकि मतदान 18 जून को होगा.
-
भाजपा विधायक राजू कुमार सिंह दोषी करार
दिल्ली की एक अदालत ने बिहार के साहिबगंज से भाजपा विधायक राजू कुमार सिंह को गैर इरादतन हत्या और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले में दोषी करार दिया है. अदालत ने उन्हें हिरासत में लेने का आदेश भी दिया है. यह मामला वर्ष 2018 की न्यू ईयर पार्टी के दौरान हुई हर्ष फायरिंग से जुड़ा है, जिसमें डॉक्टर अर्चना गुप्ता को गोली लगने के बाद उनकी मृत्यु हो गई थी. घटना दिल्ली के फतेहपुर बेरी स्थित एक फार्महाउस में हुई थी.
-
वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, भारतीय टी20 टीम में चयन
बिहार के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को भारतीय सीनियर टी20 टीम में शामिल किया गया है. महज 15 वर्ष 71 दिन की उम्र में टीम इंडिया में जगह बनाकर उन्होंने इतिहास रच दिया है और वे भारत के सबसे युवा अंतरराष्ट्रीय टी20 खिलाड़ी बन गए हैं. समस्तीपुर जिले के ताजपुर से आने वाले वैभव ने कम उम्र में ही रणजी ट्रॉफी में पदार्पण कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यूथ टेस्ट मैच में मात्र 58 गेंदों में शतक लगाकर सुर्खियां बटोरी थीं. आईपीएल 2026 उनके करियर का सबसे बड़ा मोड़ साबित हुआ, जहां उन्होंने 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप जीती. इसके अलावा वे मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर, इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द ईयर और सुपर स्ट्राइकर जैसे पुरस्कारों से भी सम्मानित हुए.
-
राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव ने लौटाई सुरक्षा
बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने शनिवार सुबह अपने सरकारी आवास से तैनात सभी सुरक्षा कर्मियों को वापस लौटा दिया. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बंगले के बाहर मौजूद पुलिस बल और अन्य सुरक्षा कर्मियों को भी हटने के लिए कहा गया. राबड़ी देवी के इस कदम के बाद उनकी बेटी और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की नेता रोहिणी आचार्य ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से राबड़ी आवास पहुंचने की अपील की. इसके बाद बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ताओं का आवास पर जुटना शुरू हो गया. इधर, राबड़ी देवी के बाद बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी अपनी Y+ श्रेणी की सुरक्षा वापस कर दी है.
-
खान सर नहीं करेंगे सरेंडर, सोमवार को दाखिल होगी अग्रिम जमानत याचिका
चर्चित शिक्षाविद और ग्लोबल स्टडीज के संस्थापक खान सर फिलहाल पटना सिविल कोर्ट में सरेंडर नहीं करेंगे. उनके अधिवक्ता अरविंद कुमार महुआर ने स्पष्ट किया है कि खान सर के आत्मसमर्पण की कोई संभावना नहीं है और कानूनी प्रक्रिया के तहत उनकी अग्रिम जमानत के लिए आवेदन किया जाएगा. वकील अरविंद कुमार महुआर ने कहा कि मामले में दर्ज एफआईआर में कई तथ्यों को गलत तरीके से शामिल किया गया है. उन्होंने दावा किया कि कथित फायरिंग की घटना में खान सर की कोई भूमिका नहीं है. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि खान सर ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया, जिसमें किसी को गोली चलाने या कानून हाथ में लेने के लिए उकसाया गया हो. उन्होंने बताया कि शनिवार को अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल करने का समय समाप्त हो चुका था, इसलिए अब यह याचिका सोमवार को दायर की जाएगी.
-
बिहार में बारिश से मिली राहत
राज्य के कई जिलों में देर रात हुई भारी बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है. पूर्वी चंपारण के पताही में सबसे अधिक 74.8 मिमी और पूर्णिया के रूपौली में 71.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई. पटना, समस्तीपुर, भागलपुर, कटिहार, अररिया, सुपौल और अन्य जिलों में भी अच्छी बारिश हुई. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश, तेज हवाओं और वज्रपात की संभावना जताई है.