Bihar ki Dinbhar ki khabar : बिहार विधान परिषद की 10 सीटों के लिए सभी उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं. उधर बिहार में मानसून ने दस्तक दे दी है. पढ़िए आज दिन की बड़ी खबरें(Bihar News Today)…
बिहार विधान परिषद की 10 सीटों पर सभी उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित
बिहार विधान परिषद की 10 सीटों के लिए सभी उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं. नामांकन वापसी की समय सीमा समाप्त होने के बाद निर्वाचन की घोषणा की गई और सभी विजेताओं को प्रमाण पत्र सौंपे गए. इन चुनावों में एनडीए को नौ सीटें मिलीं, जबकि महागठबंधन के खाते में एक सीट गई. भाजपा के पवन सिंह, संजय मयूक, अनिल कुमार ठाकुर और शीला पंडित निर्वाचित हुए. वहीं जदयू से निशांत, भारती मेहता, शिवरानी देवी प्रजापति और ललन प्रसाद ने जीत दर्ज की. राजद के सुनील कुमार सिंह भी विधान परिषद सदस्य निर्वाचित हुए.
बिहार में मानसून की एंट्री, किशनगंज में रिकॉर्ड 148 मिमी बारिश
बिहार में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दस्तक दे दी है. मौसम विभाग के अनुसार किशनगंज, अररिया, सुपौल, पूर्णिया, कटिहार और मधुबनी जिलों में मानसून पहुंच चुका है. इस बार मानसून अपने निर्धारित समय से करीब छह दिन पहले बिहार पहुंचा है. किशनगंज जिले के तैयबुर में 148 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो भारी वर्षा का संकेत है. मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिनों में पूरे राज्य में मानसून सक्रिय होने की संभावना जताई है. कई जिलों में गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
जल जीवन मिशन 2.0 के तहत बिहार को मिलेगा बड़ा लाभ
राज्य सरकार ने जल जीवन मिशन 2.0 के तहत केंद्र सरकार के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया है. योजना के तहत जल संकट प्रभावित क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा. सरकार ने आर्सेनिक, फ्लोराइड और आयरन प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था सुधारने के लिए केंद्र से 18,894 करोड़ रुपये की सहायता मांगी है.
सरकारी शिक्षक निजी कोचिंग या ट्यूशन में पाए गए तो होगी कार्रवाई
बिहार सरकार ने सरकारी विद्यालयों के शिक्षकों द्वारा निजी कोचिंग, ट्यूशन या व्यवसायिक संस्थानों में काम करने पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को पत्र जारी कर ऐसे मामलों में सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई करने को कहा है.
वज्रपात से मधेपुरा में दंपति की मौत
बारिश के दौरान वज्रपात की घटना में मधेपुरा जिले के खापुर पंचायत के परेल गांव में एक दंपति की मौत हो गई. ग्रामीणों के अनुसार दोनों मक्का फसल की तैयारी के लिए खेत गए थे, तभी बिजली गिरने से यह हादसा हुआ.
हाजीपुर में आय से अधिक संपत्ति मामले में छापेमारी
आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने हाजीपुर नगर परिषद के लेखापाल मनीष कुमार के ठिकानों पर छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान आभूषण, संपत्ति से जुड़े दस्तावेज और अन्य सामान बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है. मामला आय से अधिक संपत्ति से जुड़ा बताया गया है.