Bihar ki Dinbhar ki khabar : राबड़ी आवास और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि इसके पीछे नीतीश कुमार की भूमिका है. वहीं सम्राट कैबिनेट की आज हुई बैठक में 29 एजेडों पर मुहर लगी है. पढ़िए आज की बड़ी खबरें (Bihar news Today)…
-
राबड़ी आवास और सुरक्षा मुद्दे पर लालू यादव ने साधा नीतीश कुमार पर निशाना
राबड़ी आवास और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा है. लालू यादव ने कहा कि उनकी सुरक्षा हटा दी गई है और इसके पीछे नीतीश कुमार की भूमिका है. उन्होंने कहा कि हां, हमारी सुरक्षा हटा ली गई है. सब कुछ नीतीश कुमार करवा रहे हैं.
-
खान सर मानहानि मामले में दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई
खान ग्लोबल स्टडीज के डायरेक्टर खान सर के खिलाफ दायर मानहानि मामले में बुधवार को दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई हुई. अदालत ने एक बार फिर अंतरिम आदेश जारी करने से इनकार कर दिया. कोर्ट ने कहा कि पहले जारी किए गए नोटिस पर कई प्रतिवादियों की ओर से अब तक जवाब दाखिल नहीं किया गया है. अदालत ने जवाब दाखिल करने के लिए दो सप्ताह का समय दिया है. मामले की अगली सुनवाई 2 जुलाई को होगी. इससे पहले सोमवार को हुई सुनवाई में भी अदालत ने खान सर और अन्य शिक्षकों को अंतरिम राहत देने से इनकार किया था. कोर्ट ने संबंधित पक्षों को अपना जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया था. वहीं, सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो हटाने की अंजना की ओर से की गई मांग को भी अदालत ने खारिज कर दिया. इससे पहले 8 जून को अदालत ने मामले में नोटिस जारी करते हुए किसी भी तरह का अंतरिम आदेश देने से इनकार किया था.
-
बिहार में हेली टूरिज्म योजना को कैबिनेट की मंजूरी
बिहार सरकार ने राज्य में पर्यटन को नई ऊंचाई देने के लिए बड़ा फैसला लिया है. राज्य मंत्रिमंडल ने बिहार हेली टूरिज्म और एयर टूरिज्म सेवा योजना 2026 को मंजूरी दे दी है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई. इस योजना के तहत पर्यटकों को पटना, राजगीर, मां मुंडेश्वरी और वाल्मीकि नगर जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों की हवाई यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी. सरकार का उद्देश्य राज्य के धार्मिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों को देश-विदेश के पर्यटकों के लिए और आकर्षक बनाना है. मुख्यमंत्री ने पहले ही घोषणा की थी कि आगामी 15 जुलाई से प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों के लिए हवाई सेवा के माध्यम से भ्रमण की सुविधा शुरू की जाएगी. इसके साथ सम्राट कैबिनेट की बैठक में दूसरे 29 एजेडों पर मुहर लगी है. बिहार सरकार ने सोन, किऊल, फल्गु, मोरहर और चानन नदी में बालू की उपलब्धता का अध्ययन कराने का फैसला भी किया है.
-
मनरेगा की लंबित राशि 30 जून से पहले होगी जारी
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि केंद्र सरकार के सहयोग से मनरेगा की सभी लंबित राशि का भुगतान 30 जून से पहले सुनिश्चित किया जाएगा. उन्होंने पटना के फुलवारी शरीफ क्षेत्र में आयोजित जन कल्याण शिविर में यह जानकारी दी. मुख्यमंत्री ने बताया कि मनरेगा के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर करीब 10 हजार करोड़ रुपये के फंड का प्रावधान कर रहे हैं. इसमें केंद्र सरकार की हिस्सेदारी लगभग 6700 करोड़ रुपये और राज्य सरकार की हिस्सेदारी 3000 करोड़ रुपये से अधिक होगी.
-
सिपाही और कक्षपाल भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न
मध्य निषेध कारा और परिवहन विभाग में सिपाही तथा कक्षपाल पदों पर नियुक्ति के लिए आयोजित परीक्षा राज्यभर में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई. परीक्षा के लिए राज्य में 544 केंद्र बनाए गए थे. अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे ने 25 विशेष ट्रेनों का संचालन किया. ये ट्रेनें पटना, बक्सर, गया, सोनपुर, सहरसा, मधुबनी और बेतिया समेत कई स्टेशनों से चलाई गईं.
-
नीट परीक्षा को लेकर एनटीए ने जारी की चेतावनी
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने आगामी नीट परीक्षा को लेकर छात्रों और अभिभावकों को ठगों से सावधान रहने की अपील की है. एनटीए महानिदेशक अभिषेक सिंह ने कहा कि परीक्षा को पूरी तरह सुरक्षित और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है.
-
बिहार में कमजोर पड़ा मानसून
राज्य में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने से 1 जून से अब तक सामान्य से 32 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है. मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आने वाली मानसून की दोनों शाखाएं कमजोर बनी हुई हैं. बारिश की कमी के कारण पटना समेत कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है. कैमूर का भभुआ क्षेत्र सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने गुरुवार को राज्य के 22 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है.
-
13 कॉलेजों में शुरू होगा अप्रेंटिसशिप एंबेडेड डिग्री प्रोग्राम
बिहार के 13 महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से अप्रेंटिसशिप एंबेडेड डिग्री प्रोग्राम (AEDP) शुरू किया जाएगा. इसका उद्देश्य छात्रों को पढ़ाई के साथ उद्योग आधारित प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है.