Lok Sabha Poll last phase : अंतिम चरण में इन उम्मीदवारों पर दांव, जानिए आखिरी चरण में कितने प्रत्याशी मैदान में हैं? 

लोकसभा चुनाव के सातवें और last phase में 1 जून को सात राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की कुल 57 लोकसभा सीटों पर मतदान होगा। इनमें वाराणसी, हिमाचल की मंडी और बिहार की काराकाट लोकसभा सीटें शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी तीसरी बार वाराणसी से चुनाव लड़ रहे हैं। पंजाब में जालंधर सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। आखिरी चरण में पांच केंद्रीय मंत्री भी मैदान में हैं। आइए एक नजर डालते हैं last phase में मैदान में उतरने वाले प्रमुख उम्मीदवारों पर

  • वाराणसी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश की वाराणसी लोकसभा सीट से तीसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस ने उनके खिलाफ दूसरी बार अजय राय को मैदान में उतारा है और बीएसपी ने अतहर जमाल लारी को टिकट दिया है। इस सीट पर दो निर्दलीय समेत कुल सात उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। पिछले दो चुनावों में पीएम मोदी ने शानदार जीत दर्ज की थी।

 

  • हमीरपुर : हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से लगातार तीन बार लोकसभा चुनाव जीत चुके केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर चौथी बार जीत के लिए मैदान में हैं। उनका मुकाबला कांग्रेस के सतपाल रायजादा से है। इस सीट पर कुल 12 उम्मीदवार हैं, जिनमें पांच निर्दलीय उम्मीदवार भी शामिल हैं।

 

  • महाराजगंज : उत्तर प्रदेश की महाराजगंज लोकसभा सीट से केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी मैदान में हैं। उनके खिलाफ बीएसपी ने मौसम आलम को टिकट दिया है और कांग्रेस ने वीरेंद्र चौधरी को मैदान में उतारा है। तीन निर्दलीय समेत कुल आठ उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।

 

  • मिर्जापुर : केंद्रीय मंत्री और अपना दल (सोनेलाल) की नेता अनुप्रिया पटेल उत्तर प्रदेश की मिर्जापुर लोकसभा सीट से तीसरी बार चुनाव लड़ रही हैं। बीएसपी ने मनीष कुमार और एसपी ने रमेश चंद बिंद को मैदान में उतारा है। यहां दो निर्दलीय समेत कुल 10 उम्मीदवार मैदान में हैं।

 

  • चंदौली : उत्तर प्रदेश के चंदौली में केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। उन्हें सपा के पूर्व मंत्री वीरेंद्र सिंह और बसपा के सत्येंद्र कुमार मौर्य के खिलाफ मैदान में उतारा गया है। इस सीट पर एक निर्दलीय समेत कुल 10 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं।

 

  • आरा : बिहार के आरा से केंद्रीय मंत्री आरके सिंह तीसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं। बीएसपी से लाल बादशाह सिंह मैदान में हैं। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (एमएल) ने सुदामा प्रसाद पर दांव लगाया है। पांच निर्दलीय समेत कुल 14 उम्मीदवार मैदान में हैं।

 

  • दुमका : दुमका सीट से भाजपा ने शिबू सोरेन की बड़ी बहू सीता सोरेन को मैदान में उतारा है। झारखंड मुक्ति मोर्चा से नलिन सोरेन और बसपा से परेश मरांडी भी चुनावी मैदान में हैं। 10 निर्दलीय समेत कुल 19 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं।

 

  • पंजाब: पंजाब की अमृतसर लोकसभा सीट से भाजपा ने अमेरिका में पूर्व राजदूत तरनजीत सिंह संधू को मैदान में उतारा है। भगवंत मान सरकार में मंत्री रहे कुलदीप सिंह धालीवाल आप से और अनिल जोशी शिरोमणि अकाली दल से तथा मौजूदा सांसद गुरजीत सिंह औजला कांग्रेस से चुनाव लड़ रहे हैं। 18 निर्दलीय समेत कुल 30 उम्मीदवार मैदान में हैं।

 

  • जालंधर : पंजाब की जालंधर लोकसभा सीट पर मुकाबला काफी रोमांचक है। कांग्रेस के टिकट पर पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा ने मौजूदा सांसद सुशील कुमार रिंकू को मैदान में उतारा है, जो आप के टिकट पर चुनाव जीते थे। आप ने पवन कुमार टीनू को मैदान में उतारा है। बसपा से बलविंदर कुमार और शिरोमणि अकाली दल से मोहिंदर सिंह केपी मैदान में हैं। सात निर्दलीय समेत कुल 20 उम्मीदवार मैदान में हैं।

 

  • लुधियाना : लुधियाना लोकसभा सीट से मौजूदा सांसद रवनीत सिंह बिट्टू भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। बिट्टू के खिलाफ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग चुनाव लड़ रहे हैं। आप ने अशोक पाराशर और शिअद ने रंजीत सिंह ढिल्लों को टिकट दिया है । 26 निर्दलीय उम्मीदवारों सहित कुल 43 उम्मीदवार मैदान में हैं।

 

  • भटिंडा : लगातार तीन बार बठिंडा लोकसभा सीट से चुनाव जीत चुकीं हरसिमरत कौर बादल चौथी बार चुनाव लड़ रही हैं। आप ने मंत्री गुरप्रीत सिंह खुड्डिया को टिकट दिया है। कांग्रेस ने जीत मोहिंदर सिंह सिद्धू और भाजपा ने पूर्व आईएएस अधिकारी परमपाल कौर सिद्धू को मैदान में उतारा है। आठ निर्दलीय समेत कुल 18 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।

 

  • पटियाला : पटियाला की मौजूदा सांसद परनीत कौर इस बार भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं। वह पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की पत्नी हैं। आम आदमी पार्टी ने उनके खिलाफ मंत्री बलबीर सिंह को मैदान में उतारा है। कांग्रेस से धर्मवीर गांधी और शिरोमणि अकाली दल से एनके शर्मा भी मैदान में हैं। 15 निर्दलीय समेत कुल 26 उम्मीदवार मैदान में हैं।

 

  • मंडी : हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट पर मुकाबला दिलचस्प है क्योंकि फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत पहली बार बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं। उनके खिलाफ कांग्रेस ने पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह के बेटे को मैदान में उतारा है। इस सीट पर कुल 10 उम्मीदवार हैं , जिनमें चार निर्दलीय उम्मीदवार भी शामिल हैं।

 

  • काराकाट : बिहार की काराकाट लोकसभा सीट से भोजपुरी स्टार पवन सिंह जो पहले बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे थे, अब निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मैदान में हैं। उपेंद्र कुशवाहा राष्ट्रीय लोक मोर्चा से और राजा राम सिंह भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (एमएल) से चुनाव लड़ रहे हैं। बीएसपी ने धीरज कुमार सिंह पर भरोसा जताया है। यहां तीन निर्दलीय उम्मीदवारों समेत कुल 13 उम्मीदवार हैं।

 

  • गोरखपुर : मौजूदा सांसद और भोजपुरी अभिनेता रवि किशन बीजेपी के टिकट पर गोरखपुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। सपा ने काजल निषाद को टिकट दिया है। जावेद अशरफ बीएसपी से किस्मत आजमा रहे हैं। गोरखपुर में चार निर्दलीय उम्मीदवारों समेत कुल 13 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *