पटना। बिहार के खगड़िया जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र के चकमनिया गांव से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई हैं। जहाँ किराना दुकान की आड़ में मंगलवार को अवैध हथियार और गांजा बरामद किया गया। पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि बेलदौर थाना क्षेत्र के चकमनिया गांव में एक किराना दुकान पर गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान 20 देसी पिस्तौल, 79 जिंदा कारतूस, 3.4 किलोग्राम गांजा और 10 लीटर देसी शराब जब्त की गई।
महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार
बिहार के खगड़िया जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र में पुलिस ने हथियार और गांजा के अवैध कारोबार में शामिल एक रैकेट का पर्दाफाश किया है। उन्होंने मौके से 20 देसी पिस्तौल, गांजा और कई आपत्तिजनक सामान जब्त किए। मामले के सिलसिले में एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
भारी मात्रा में अवैध सामग्री के अलावा मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। संदिग्धों की पहचान दुकान मालिक पप्पू पटेल, उनकी पत्नी चंचल देवी उर्फ नूतन देवी और उनके बेटे आदित्य कुमार उर्फ पिंटू के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि पप्पू पटेल किराने की दुकान चलाता था और इसकी आड़ में वह हथियारों और गांजे की तस्करी में शामिल था। उसके परिवार के सदस्य भी इस अवैध कारोबार में शामिल थे। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।