Bihar news : ईंट भट्टे में चल रहा था अवैध हथियार बनाने का धंधा, छापेमारी में बरामद हुआ असलाहों का जखीरा

पटना। सारण जिले में ईंट बनाने की आड़ में मिनी गन फैक्ट्री चल रही थी। घटना की जांच के लिए कोलकाता STF के पहुंचने पर इसका खुलासा हुआ। कोलकाता पुलिस को सूचना मिली थी कि वहां बड़े पैमाने पर अवैध हथियार का निर्माण हो रहा है। इसके बाद मधुरा थाना के रूपराहिमपुर स्थित फ्लाई ऐश ईंट फैक्ट्री में छापेमारी की गई। मौके से भारी मात्रा में अवैध हथियार और अन्य उपकरण बरामद किए गए। सारण के पुलिस अधीक्षक डॉ. कुमार आशीष ने बताया कि पश्चिम बंगाल पुलिस को अपराध के सिलसिले में इस गिरोह के बारे में सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर कोलकाता एसटीएफ इनकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इसी सूचना के आधार पर छापेमारी की गई।

मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार

ईट भट्टे के संचालक विक्रमपुर निवासी अखिलेश सिंह कुशवाहा और वहां काम करने वाले चार अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया। एसपी ने बताया कि मौके पर बड़े पैमाने पर हथियार निर्माण का काम चल रहा था। फिलहाल 75 अर्धनिर्मित हथियार, हथियार बनाने के औजार और कई अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं। हथियार निर्माण में शामिल चार कारीगरों को मुंगेर से लाया गया था। अवैध हथियार बनाने का यह धंधा कब से चल रहा था, यह कैसे चल रहा था और इसका दूसरे राज्यों से क्या संबंध है, इसकी जांच की जा रही है। हथियार बनाने के लिए कच्चे माल के स्रोत की भी जांच की जा रही है। बंगाल में कई आपराधिक घटनाओं के कारण बंगाल पुलिस इस गिरोह पर नजर रख रही थी।

ईंट भट्टे के मालिक का राजनैतिक कनेक्शन

गिरफ्तार किए गए पांच लोगों में से एक अवैध हथियार फैक्ट्री का संचालक अखिलेश सिंह कुशवाह पहले JDU पार्टी का सक्रिय सदस्य था। पिछले लोकसभा चुनाव में आरजेडी उम्मीदवार रोहिणी आचार्य के प्रचार में शामिल होने के कारण उसे जेडी(यू) के जिला अध्यक्ष अल्ताफ आलम राजू ने 12 मई 2024 को पार्टी से निकाल दिया था। 5 मई को आरजेडी की महिला नेता सीमा कुशवाह के साथ उसकी एक तस्वीर वायरल होने के बाद JDU के जिला अध्यक्ष अल्ताफ आलम राजू ने उससे स्पष्टीकरण मांगा था। स्पष्टीकरण न देने पर उसे JDU से निकाल दिया गया।

मुंगेर के कारीगर बना रहे थे अवैध हथियार

अखिलेश कुशवाह ने इस फैक्ट्री में हथियार बनाने के लिए मुंगेर से कारीगरों को बुलाया था। छापेमारी के दौरान एक पिस्तौल समेत बड़ी मात्रा में अर्धनिर्मित हथियार बरामद किए गए। गिरफ्तार किए गए लोगों में सारण के अखिलेश कुमार कुशवाह और मुंगेर के मोहम्मद चांद, मोहम्मद परवेज, मोहम्मद साहिल आलम और मोहम्मद इरफान शामिल हैं।

(क्रेडिट : मीडिया इनपुट )

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *