Bihar : उपचुनाव को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय में बैठक, तेजस्वी यादव और राहुल गाँधी के बयान पर प्रदेश अध्यक्ष का पलटवार

पटना। बिहार विधानसभा की चार सीटों पर होने वाले आगामी उपचुनाव को लेकर शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में अहम बैठक हुई। जिस बैठक में चारों विधानसभा क्षेत्रों के पार्टी के पदाधिकारियों ने शिरकत की। बैठक को लेकर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने बताया कि उपचुनाव को लेकर आगे की रणनीति और उम्मीदवारों के चयन पर चर्चा की गई। किस सीट से कौन उम्मीदवार चुनाव लड़ेगा, इस पर विचार कर लिया गया है जिसकी घोषणा जल्द की जाएगी।

तेजस्वी यादव के बयान पर हमला

बैठक के बाद मीडिया से संवाद के दौरान बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने पूर्व उपमुख्यमंत्री के उस बयान पर हमला किया जिसमें आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा था, आरक्षण का जो दायरा बढ़ाया गया है उसको अगर नीतीश कुमार नौंवी अनुसूची में शामिल नहीं करा पाते हैं तो एनडीए से अलग हो जाए। तेजस्वी यादव के इस बयान पर पलटवार करते हुए दिलीप जयसवाल ने कहा कि तेजस्वी औऱ उनके परिवार को आरक्षण पर बोलने का कोई हक नहीं है। उन्होंने कहा कि जब तक लालू यादव सत्ता में रहे, तब तक उन्हें आरक्षण की याद नहीं आई। नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही आरक्षण का मुद्दा आया और विधानसभा व विधान परिषद में पास हुआ। ये लोग आरक्षण के नाम पर सिर्फ जाति को बांटने का काम करते हैं । इन लोगों को पिछड़ों से प्यार नहीं है।

ये भी पढें : चुनावी बॉन्ड योजना की नहीं होगी SIT जांच, सुप्रीम कोर्ट ने किया याचिका खारिज

राहुल अपना मूल्यांकन करें : भाजपा

भाजपा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने सुप्रीम कोर्ट के क्रीमीलेयर के फैसले पर कहा कि वे इसका अध्ययन करेंगे और तब ही कुछ कहेंगे। उन्होंने तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वे हैं कहां। राहुल गांधी को ईडी का डर सताने पर दिलीप जायसवाल ने कहा कि इस देश में जो भी गलत करेगा, नरेंद्र मोदी के तीसरे कार्यकाल में उन्हें नहीं बख्शा जाएगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अपना मूल्यांकन करें और अगर उन्होंने कोई गलती की है, तो एजेंसियां नियमानुकूल कार्रवाई करेंगी।

(क्रेडिट – मीडिया इनपुट )

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *