Jammu and Kashmir Assembly Polls : exit polls में NC-कांग्रेस गठबंधन बहुमत के करीब, बीजेपी और पीडीपी भी दौड़ में

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में 10 साल बाद हो रहे विधानसभा चुनावों के exit polls में नेशनल कांफ्रेंस (NC) और कांग्रेस गठबंधन को बढ़त मिलती दिखाई दे रही है। यह चुनाव पहली बार अनुच्छेद 370 के निरस्त होने के बाद हो रहे हैं। 90 सदस्यीय विधानसभा में सरकार बनाने के लिए 46 सीटों का बहुमत जरूरी है।

क्या हैं exit polls के नतीजे ?

  • टीवी-टुडे C-वोटर के अनुसार, NC-कांग्रेस गठबंधन को 40-48 सीटें मिलने की संभावना है, जबकि बीजेपी 27-32 सीटें जीत सकती है। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती की पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) को 6-12 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि अन्य दलों को 6-11 सीटें मिलने की संभावना है।
  • दैनिक भास्कर के सर्वे के अनुसार, NC-कांग्रेस गठबंधन को 35-40 सीटें, बीजेपी को 20-25 सीटें, PDP को 4-7 सीटें और अन्य को 12-18 सीटें मिल सकती हैं।
  • पीपुल्स पल्स सर्वे ने NC-कांग्रेस गठबंधन को 46-50 सीटें, बीजेपी को 23-27, PDP को 7-11, और अन्य को 4-6 सीटें मिलने की संभावना जताई है।
  • गुलिस्तां न्यूज के प्रोजेक्शन में NC को 28-30, कांग्रेस को 3-6, PDP को 5-7 और अन्य को 8-16 सीटें मिलने का अनुमान है।

63.88 प्रतिशत मतदान, 8 अक्टूबर को वोटों की गिनती

चुनाव आयोग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनावों में कुल 63.88 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। चुनाव के तीन चरणों में पहले चरण में 61.38%, दूसरे चरण में 57.31% और तीसरे चरण में सबसे ज्यादा 69.69% मतदान हुआ। 18 सितंबर को शुरु हुए चुनाव 1 अक्टूबर को शांति से संपन्न हुए।

10 साल बाद विधानसभा चुनाव

यह चुनाव विशेष रूप से इसलिए महत्वपूर्ण हैं क्योंकि ये अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद पहली बार हो रहे हैं। NC और कांग्रेस, जिन्होंने इंडिया गठबंधन के तहत चुनाव लड़ा, एक साथ मैदान में उतरीं, जबकि बीजेपी और PDP ने अपने दम पर चुनाव लड़ा। 8 अक्टूबर को वोटों की गिनती के साथ स्पष्ट होगा कि कौन सी पार्टी या गठबंधन राज्य की सत्ता पर काबिज होगी। ज्ञात हो कि सुप्रीम कोर्ट ने 2023 में केंद्र सरकार को निर्देश दिया था कि वह 30 सितंबर, 2024 तक जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव कराए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *