पटना। केंद्र सरकार ने ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ (One Nation One Election) यानी एक देश, एक चुनाव का विधेयक लोकसभा में पेश कर दिया है. इस विधेयक को लेकर चर्चा तेज हो गई है कि यह संयुक्त संसदीय समिति (JPC) को भेजा जाएगा या सदन में ही इस पर लंबी बहस होगी. सरकार का दावा है कि यह कदम नीतिगत निरंतरता, प्रशासनिक क्षमता में वृद्धि और चुनावी खर्च में कटौती के लिहाज से महत्वपूर्ण है. हालांकि, विपक्षी दल इस विधेयक का कड़ा विरोध कर रहे हैं. सवाल उठता है कि ऐसा क्यों?
One Nation One Election : अर्थ और उद्देश्य
‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ का मतलब यह है कि लोकसभा, विधानसभाओं और नगर निकायों के चुनाव एक साथ कराए जाएँ. सरकार का कहना है कि इससे चुनावी खर्च कम होगा, बार-बार चुनाव के कारण रुकने वाले प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी, और देश में नीतिगत स्थिरता आएगी.
इसके लिए पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की अध्यक्षता में बनी कमेटी ने सुझाव दिया है कि इसे 2029 या 2034 तक लागू किया जा सकता है. कमेटी ने कहा है कि एक साथ चुनाव कराने के लिए व्यापक तैयारी और संविधान संशोधन की आवश्यकता होगी.
चुनौतीपूर्ण है One Nation One Election लागू करना
वर्तमान में, देश की ज्यादातर विधानसभाओं के कार्यकाल अलग-अलग हैं. ऐसे में सभी चुनावों को एक साथ कराने के लिए कई विधानसभाओं का कार्यकाल या तो बढ़ाना होगा या घटाना पड़ेगा. कमेटी का सुझाव है कि जो विधानसभाएँ तय चुनाव तिथि से पहले समाप्त हो रही हैं, उनका कार्यकाल बढ़ा दिया जाए और जिनका कार्यकाल बाद में समाप्त हो रहा है, उन्हें घटा दिया जाए.
विपक्ष की आपत्तियां
विपक्षी दल इस विधेयक (One Nation One Election) का विरोध कर रहे हैं. उनका तर्क है कि भारत संघीय व्यवस्था पर आधारित है, जहां राज्यों और केंद्र की अपनी-अपनी स्वतंत्र परंपराएँ और अधिकार हैं. इस परिप्रेक्ष्य में, सभी चुनावों को एक साथ कराने से राज्यों की स्वायत्तता पर आघात होगा.
विपक्ष का यह भी कहना है कि देश में मतदाता लोकसभा, विधानसभा और नगर निकाय चुनावों में अलग-अलग मुद्दों और प्राथमिकताओं के आधार पर वोट देते हैं. यदि सभी चुनाव एक साथ होते हैं, तो लोकसभा चुनाव की लहर अन्य चुनावों को प्रभावित कर सकती है. इससे केंद्र में सत्ताधारी दल को लाभ हो सकता है और क्षेत्रीय दलों को नुकसान.
क्षेत्रीय दलों की चिंताएं
विपक्ष का मानना है कि यह नीति छोटे और क्षेत्रीय दलों के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है. क्षेत्रीय दलों का दावा है कि उनके मुद्दे और चुनावी रणनीतियाँ लोकसभा चुनाव की तुलना में भिन्न होती हैं. यदि सभी चुनाव एक साथ होते हैं, तो उनके मुद्दे राष्ट्रीय चुनाव की लहर में दब सकते हैं.
हालांकि, सत्ता पक्ष का तर्क है कि यदि कोई भी राजनीतिक दल जनता की भलाई के लिए काम कर रहा होगा, तो उसे हारने या समाप्त होने का डर नहीं होना चाहिए.
सरकार गिरने की स्थिति में क्या होगा?
विपक्ष ने यह सवाल भी उठाया है कि अगर एक बार एक साथ चुनाव हो जाते हैं, तो उन सरकारों का क्या होगा जो अपने कार्यकाल के बीच में गिर जाती हैं? रामनाथ कोविंद कमेटी ने सुझाव दिया है कि यदि किसी सरकार का कार्यकाल समाप्त होने में दो साल से अधिक का समय शेष है, तो वहाँ नए चुनाव कराए जा सकते हैं. लेकिन यदि समय दो साल से कम है, तो वहाँ राष्ट्रपति शासन लागू करना होगा.
विपक्ष का कहना है कि इस स्थिति में केंद्र सरकार का हस्तक्षेप बढ़ सकता है, जिससे राज्यों की स्वायत्तता को खतरा होगा.
संशोधन और भविष्य की राह
इस विधेयक पर अभी कई संशोधनों की गुंजाइश है. उम्मीद की जा रही है कि आगे चर्चा और विचार-विमर्श के बाद एक परिपक्व ढाँचा सामने आ सकता है. फिलहाल, यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि सरकार और विपक्ष के बीच इस मुद्दे पर सहमति बन पाती है या नहीं.
‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ विधेयक (One Nation One Election) भारत के चुनावी ढाँचे में एक बड़ा बदलाव ला सकता है. हालांकि, इसे लागू करना न केवल तकनीकी रूप से बल्कि राजनीतिक रूप से भी एक बड़ी चुनौती है. विपक्ष और क्षेत्रीय दलों की आपत्तियों को दूर करना सरकार के लिए जरूरी होगा. यह देखना दिलचस्प होगा कि यह विधेयक आगे किस दिशा में बढ़ता है.