पटना: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा के परिणामों (BSEB Result) की संभावित तिथियों की घोषणा कर दी है. इंटरमीडिएट की परीक्षा 15 फरवरी को समाप्त हो चुकी है, जबकि मैट्रिक की परीक्षा 25 फरवरी को समाप्त होगी. परीक्षा समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया कि इंटर का रिजल्ट मार्च के अंतिम सप्ताह में और मैट्रिक का रिजल्ट अप्रैल के प्रथम सप्ताह में जारी किया जाएगा. उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन इसी महीने शुरू कर दिया जाएगा.
BSEB Result : विशेष परीक्षा और कंपार्टमेंटल परीक्षा का विकल्प
परीक्षा समिति के अनुसार, जिन विद्यार्थियों की परीक्षा किसी कारणवश छूट गई है, वे अप्रैल में आयोजित होने वाली विशेष परीक्षा में शामिल हो सकते हैं, जिसका रिजल्ट मई में जारी किया जाएगा. साथ ही, कंपार्टमेंटल परीक्षा भी अप्रैल में आयोजित होगी.
तृतीय सक्षमता परीक्षा की घोषणा
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने (BSEB Result) तृतीय सक्षमता परीक्षा की तिथि की घोषणा कर दी है. इसके लिए 22 फरवरी से 12 मार्च तक आवेदन लिया जाएगा. इस परीक्षा में कक्षा 1 से 12 तक के कुल 61 विषयों की परीक्षा आयोजित की जाएगी. यह संभवतः मई में कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) के माध्यम से आयोजित होगी.
बिहार बोर्ड में नकल पर कड़ी निगरानी
हर साल बिहार बोर्ड की परीक्षाओं (Bihar Board Result) में नकल की खबरें आती थीं, लेकिन इस बार बोर्ड ने सख्त निगरानी रखी है. परीक्षा केंद्रों पर एंट्री प्वाइंट से लेकर क्लास तक कैमरों से निगरानी की जा रही है. परीक्षा के दौरान नकल करते पकड़े जाने पर छात्रों को दो साल के लिए निष्कासित करने का नियम लागू किया गया है. इस बार नकल पर काफी हद तक लगाम लगी है. पुलिस और अधिकारी खुद मॉनिटरिंग कर रहे हैं, जिससे परीक्षा की पारदर्शिता बनी रहे.