पटना: केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी नेता ललन सिंह (Lallan Singh) ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला है. पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनने का सिर्फ सपना देख सकते हैं, लेकिन वह कभी हकीकत में पूरा नहीं होगा. उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, “सिर्फ ख्वाब देखते रहिए, सीएम बनने के लिए ज्ञान और अनुभव की जरूरत होती है.”
तेजस्वी पर कसा तंज
ललन सिंह ने तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें अपराध क्या होता है, इसकी समझ ही नहीं है. उन्होंने कहा कि केवल आंकड़े जारी करने से हकीकत नहीं बदलती, बल्कि जमीनी स्तर पर काम करना पड़ता है. तेजस्वी यादव को अपने पिता के शासनकाल को याद करना चाहिए, जब बिहार में अपहरण उद्योग चरम पर था. उन्होंने कहा, “उस समय अपहरण का पैसा कहां जाता था, यह सभी जानते हैं. मुख्यमंत्री बनने का सपना देखना कोई गलत बात नहीं है, लेकिन इसके लिए अनुभव और ज्ञान की भी जरूरत होती है.”
सपना देखने में कोई बुराई नहीं : Lallan Singh
तेजस्वी के मुख्यमंत्री बनने के सवाल पर ललन सिंह (Lallan Singh) ने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा, “पत्रकार जी, आप भी रात में सपना देख लीजिए. सपने में पूरे देश का शासन कर लीजिए, लेकिन सुबह उठने के बाद हकीकत का पता चल जाएगा.” उन्होंने कहा कि सपना देखना कोई बुरी बात नहीं है, इसलिए तेजस्वी यादव को भी सपने देखने दीजिए.
तेजस्वी को प्रगति का मतलब नहीं पता :Lallan Singh
ललन सिंह ने (Lallan Singh)तेजस्वी यादव पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके माता-पिता ने कभी कोई काम नहीं किया, इसलिए उन्हें प्रगति का मतलब ही नहीं पता है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हर जिले में जाकर विकास कार्यों का जायजा ले रहे हैं और अधूरे कामों को पूरा कर रहे हैं. यही असली प्रगति यात्रा है.
दिल्ली में महिला मुख्यमंत्री के सवाल पर कांग्रेस पर निशाना
दिल्ली में महिला मुख्यमंत्री के सवाल पर ललन सिंह ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस को किसी भी बात पर आपत्ति हो सकती है. उन्हें लगता है कि सिर्फ उनके परिवार की महिलाएं ही शासन कर सकती हैं, आम महिलाएं नहीं. उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी को लेकर कांग्रेस का दोहरा रवैया सामने आ गया है.