पटना : महाकुंभ 2025 (Maha Kumbh 2025) ने न केवल आध्यात्मिकता की नई ऊंचाइयों को छुआ, बल्कि अपनी भव्यता और दिव्यता के मामले में भी एक नई मिसाल पेश की. इस ऐतिहासिक आयोजन ने दुनिया भर में अपनी छाप छोड़ी है. 45 दिनों तक चले इस महाकुंभ में 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने संगम में पवित्र स्नान किया, जो मानवता के सबसे बड़े समागमों में से एक था. इस आयोजन की सफलता के पीछे योगी सरकार की कड़ी मेहनत और केंद्र सरकार के सहयोग का बड़ा हाथ है, जिसके कारण प्रयागराज का कायाकल्प हुआ और महाकुंभ 2025 को पहले से कहीं अधिक भव्य और दिव्य बना दिया.
66 करोड़ श्रद्धालुओं ने किया पवित्र स्नान
महाकुंभ 2025 के दौरान 45 दिनों में 66 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने संगम में स्नान किया. यह आंकड़ा न केवल भारत की आबादी के लगभग 50 प्रतिशत के बराबर है, बल्कि कई देशों की कुल आबादी से भी अधिक है. इस तरह का विशाल मानव समागम पहले कभी नहीं देखा गया, और यह घटना इतिहास में अपनी अनूठी जगह बनाएगी.
Maha Kumbh 2025 : 13 प्रमुख अखाड़ों की उपस्थिति
इस बार महाकुंभ में सभी 13 प्रमुख अखाड़ों की उपस्थिति रही, जिन्होंने तीन प्रमुख अमृत स्नान के अवसरों पर पुण्य डुबकी लगाई और परंपरा का पालन किया. इन अखाड़ों के साथ उनके अनुगामी अखाड़े भी शामिल हुए, जिनमें किन्नर अखाड़ा विशेष आकर्षण का केंद्र बना. इन अखाड़ों ने महाकुंभ की धार्मिक परंपराओं के अनुसार दीक्षा कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक संचालन भी किया और विभिन्न पदों पर नियुक्तियां की.
4000 हेक्टेयर में बसाई गई भव्य महाकुंभ नगरी
महाकुंभ 2025 को भव्य बनाने के लिए योगी सरकार ने 4000 हेक्टेयर क्षेत्र में महाकुंभ नगरी का निर्माण किया. इसे 25 सेक्टरों में विभाजित किया गया था, जिसमें 12 किमी लंबाई में पक्के घाटों का निर्माण हुआ. इसके अलावा, 1850 हेक्टेयर में पार्किंग, 31 पांटून पुल, 67 हजार से ज्यादा स्ट्रीट लाइट्स, 1.5 लाख शौचालय और 25 हजार पब्लिक एकमोडेशन की व्यवस्था की गई. इस आयोजन में योगी सरकार ने 7 हजार करोड़ रुपए खर्च किए, जबकि केंद्र सरकार के सहयोग से पूरे प्रयागराज का कायाकल्प 15 हजार करोड़ रुपए से किया गया.
प्रमुख स्नान पर्वों पर श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब
महाकुंभ के दौरान छह प्रमुख स्नान पर्वों पर सबसे अधिक श्रद्धालु संगम पहुंचे. इन पर्वों में 13 जनवरी को पौष पूर्णिमा पर 1.70 करोड़, 14 जनवरी को मकर संक्रांति पर 3.50 करोड़, 29 जनवरी को मौनी अमावस्या पर 7.64 करोड़, 3 फरवरी को बसंत पंचमी पर 2.57 करोड़, 12 फरवरी को माघ पूर्णिमा पर 2.04 करोड़ और 26 फरवरी को महाशिवरात्रि पर 1.53 करोड़ श्रद्धालु उपस्थित हुए. 15 फरवरी से 26 फरवरी तक एक भी दिन ऐसा नहीं रहा जब श्रद्धालुओं की संख्या एक करोड़ से कम रही हो.
Maha Kumbh 2025 : प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति की मौजूदगी
महाकुंभ में आम श्रद्धालुओं से लेकर महत्वपूर्ण शख्सियतों ने भी स्नान किया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सहित कई केंद्रीय मंत्री, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भी संगम में डुबकी लगाई. इसके अलावा, कई राज्यों के मुख्यमंत्री और अन्य नेताओं ने भी इस पवित्र अवसर पर स्नान किया और आस्था व्यक्त की.
राज्य मंत्रिमंडल की बैठकें और महत्वपूर्ण निर्णय
महाकुंभ 2025 के दौरान उत्तर प्रदेश और राजस्थान जैसे राज्यों के मंत्रिमंडल की बैठकें भी संपन्न हुईं. उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में यूपी मंत्रिमंडल की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए. बैठक के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके मंत्रीगण ने संगम में डुबकी लगाई. इसी तरह राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में मंत्रिपरिषद ने स्नान किया और बैठक आयोजित की.
विपक्षी नेताओं, बॉलीवुड सितारों और उद्योगपतियों की उपस्थिति
महाकुंभ में न केवल सत्ताधारी नेताओं ने बल्कि विपक्ष के नेताओं ने भी शामिल होकर अपनी श्रद्धा व्यक्त की. समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और अन्य विपक्षी नेता संगम में स्नान करने पहुंचे. बॉलीवुड सितारों ने भी इस महाकुंभ में भाग लिया और सनातन धर्म के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की. अक्षय कुमार, विक्की कौशल, कट्रीना कैफ, पंकज त्रिपाठी, राजकुमार राव और रवीना टंडन जैसे बड़े नामों ने पवित्र स्नान किया.
उद्योग जगत के प्रमुख व्यक्तित्वों ने भी इस अवसर का लाभ उठाया. मुकेश अंबानी, गौतम अडानी, अनिल अंबानी, और अन्य शीर्ष उद्योगपति अपने परिवारों के साथ संगम में स्नान करने पहुंचे.
खेल जगत की हस्तियों की भागीदारी
महाकुंभ 2025 में खेल जगत की बड़ी हस्तियां भी शामिल हुईं. क्रिकेट के दिग्गज सुनील गावस्कर, सुरेश रैना, साइना नेहवाल, बाइचुंग भूटिया और अनिल कुंबले ने संगम में स्नान किया और साधु संतों का आशीर्वाद लिया. ये हस्तियां भी इस विशाल आध्यात्मिक आयोजन का हिस्सा बनीं और महाकुंभ की भव्यता का अनुभव किया.
डिजिटल महाकुंभ : एक नई पहल
इस बार महाकुंभ का प्रमुख आकर्षण “डिजिटल महाकुंभ ” रहा. पहली बार महाकुंभ के लिए वेबसाइट और ऐप लॉन्च की गई, जिससे श्रद्धालु महाकुंभ के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते थे. इसके अलावा, गूगल के साथ नेवीगेशन के लिए एमओयू किया गया, और डिजिटल खोया पाया केंद्र के माध्यम से हजारों लोगों को उनके परिजनों से मिलवाया गया.
Maha Kumbh 2025 : सीएम योगी की निरंतर निगरानी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाकुंभ की व्यवस्थाओं पर निरंतर निगरानी रखी. उन्होंने 45 दिनों के इस आयोजन में 10 बार महाकुंभ क्षेत्र का दौरा किया और जमीनी स्थिति का आंकलन किया. उन्होंने सभी अखाड़ों, दंडीबाड़ा, प्रयागवाल, खाकचौक का दौरा किया और साधु संतों से मिलकर उनका सम्मान किया.
महाकुंभ 2025 का यह आयोजन न केवल धार्मिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण था, बल्कि इसकी भव्यता, व्यवस्था और एकता ने इसे एक ऐतिहासिक घटना बना दिया.