पटना। बिहार में एक बार फिर से चुनावी रणभेरी (Bihar Vidhan Sabha Chunav) बजने वाली है. जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव 2025 नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे सियासी सरगर्मियां भी तेज होती जा रही हैं. एक तरफ महागठबंधन पूरी तरह से तैयार है, तो दूसरी तरफ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने फिर से सत्ता में वापसी की रणनीति बनानी शुरू कर दी है. इस बार के चुनावी समीकरण काफी दिलचस्प हो सकते हैं, क्योंकि दोनों खेमों में नेताओं का पाला बदलने का सिलसिला जारी है. जहां राष्ट्रीय जनता दल (RJD) NDA के कुछ नेताओं को अपनी पार्टी में शामिल करा चुका है, वहीं जनता दल यूनाइटेड (JDU) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने भी राजद के नेताओं को अपनी ओर खींच रहा है.
कब होंगे बिहार विधानसभा चुनाव 2025?
बिहार में विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों को लेकर जनता के बीच उत्सुकता बनी हुई है. यह जानने के लिए पहले यह समझना जरूरी है कि वर्तमान सरकार का कार्यकाल कब समाप्त हो रहा है. बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार 23 नवंबर 2020 से सत्ता में है और इसका कार्यकाल 22 नवंबर 2025 तक है.
संविधान के मुताबिक नई सरकार के गठन की प्रक्रिया को समय पर पूरा करने के लिए चुनाव कार्यकाल समाप्त होने से पहले कराए जाने जरूरी होते हैं. इस आधार पर अनुमान लगाया जा रहा है कि सितंबर से अक्टूबर के बीच चुनावी आचार संहिता लागू हो सकती है और अक्टूबर से नवंबर के शुरुआती हफ्तों में मतदान व मतगणना की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है.
Bihar Vidhan Sabha Chunav: चुनाव आयोग करेगा घोषणा
बिहार विधानसभा चुनाव की तिथियों की आधिकारिक घोषणा चुनाव आयोग द्वारा की जाएगी. फिलहाल, आयोग के पास तैयारियों के लिए पर्याप्त समय है और उम्मीद की जा रही है कि अक्टूबर के अंत तक मतदान की प्रक्रिया पूरी करा ली जाएगी. राजनीतिक दलों ने भी इसको ध्यान में रखते हुए अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. सत्तारूढ़ दल और विपक्ष दोनों ही अपने-अपने गढ़ को मजबूत करने में जुट गए हैं.
पिछले चुनावों का आंकड़ा
अगर 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव की बात करें, तो यह तीन चरणों में संपन्न हुआ था. पहले चरण में 71 विधानसभा सीटों पर 28 अक्टूबर 2020 को मतदान हुआ था. दूसरे चरण में 94 सीटों पर 3 नवंबर 2020 को वोटिंग कराई गई थी, जबकि तीसरे और अंतिम चरण के लिए 7 नवंबर 2020 को 78 सीटों पर मतदान हुआ था. इसके बाद 10 नवंबर 2020 को मतगणना कर परिणाम घोषित किए गए थे. 2020 के चुनाव में NDA ने बहुमत के साथ सरकार बनाई थी, जिसमें JDU, BJP और अन्य सहयोगी दल शामिल थे. इस बार के चुनाव में किस दल को जनता का समर्थन मिलेगा, यह देखना दिलचस्प होगा.
बिहार के प्रमुख राजनीतिक दल
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर सभी प्रमुख राजनीतिक दल अपनी-अपनी रणनीति (Bihar political equations) पर काम कर रहे हैं.
- महागठबंधन: इसमें राष्ट्रीय जनता दल (RJD), कांग्रेस और वामपंथी दल शामिल हैं. महागठबंधन के नेता सत्ता में वापसी के लिए जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने में लगे हैं.
- NDA: भारतीय जनता पार्टी (BJP), जनता दल यूनाइटेड (JDU), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM),लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) और अन्य सहयोगी दल इस बार भी अपनी सरकार को बरकरार रखने की रणनीति बना रहे हैं.
- अन्य दल: ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल-मुस्लिमीन (AIMIM) और अन्य छोटे दल भी चुनावी मैदान में अपने प्रभाव को बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं.
Bihar Vidhan Sabha Chunav: राजनीतिक हलचल तेज
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो चुकी है. सरकार और विपक्ष दोनों ही अपने-अपने तरीकों से मतदाताओं को लुभाने में जुटे हैं. हालांकि, चुनाव की आधिकारिक तारीखों की घोषणा अभी बाकी है, लेकिन अनुमान है कि अक्टूबर-नवंबर के बीच मतदान की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी. आने वाले दिनों में राजनीतिक उठापटक और चुनावी रणनीतियों के और दिलचस्प मोड़ देखने को मिल सकते हैं. अब देखना होगा कि इस चुनाव में जनता किसे समर्थन देती है और बिहार की सत्ता का ताज किसके सिर सजेगा.