नहीं ठुमका लगाओगे तो सस्पेंड कर दिए जाओगे: RJD नेता के बयान पर बवाल

पटना। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेज प्रताप यादव ने शनिवार को अपने सरकारी आवास पर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ होली मनाई. इस कार्यक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें तेज प्रताप यादव एक पुलिसकर्मी को डांस करने का निर्देश देते नजर आ रहे हैं.

वीडियो में तेज प्रताप यादव मंच पर बैठे दिखाई दे रहे हैं और वर्दी में मौजूद पुलिसकर्मी से कहते हैं, “ए सिपाही, दीपक, एक गाना बजाएंगे, उस पर तुम्हें ठुमका लगाना है. बुरा मत मानो, होली है. आज नहीं ठुमका लगाओगे तो सस्पेंड कर दिए जाओगे. इसके बाद उन्होंने कहा, “बुरा मत मानो, होली है,” और खुद भी होली गीत गाने लगे. यह घटना पटना स्थित उनके आवास पर हुई. तेज प्रताप यादव, RJD सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के बड़े बेटे हैं.

RJD के राजनीतिक विरोधियों ने साधा निशाना

तेज प्रताप यादव के इस बयान पर सियासी घमासान मच गया है. भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि जैसा बाप, वैसा बेटा. पहले पिता (लालू यादव) जब मुख्यमंत्री थे, तब कानून को अपनी मर्जी से चलाते थे और बिहार को जंगलराज बना दिया. अब बेटा, सत्ता से बाहर होते हुए भी, कानून और उसके रखवालों को अपने इशारों पर नचाने की कोशिश कर रहा है. वह पुलिसकर्मी को धमकी दे रहा है कि अगर उसने डांस नहीं किया तो उसे सस्पेंड कर दिया जाएगा. यह दिखाता है कि राजद जंगलराज में विश्वास रखती है. अगर वे गलती से भी सत्ता में आए तो कानून की धज्जियां उड़ाएंगे और पुलिसवालों को भी नचाएंगे. यह एक ट्रेलर है, इसलिए इन्हें सत्ता से दूर रखना जरूरी है.”

जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने भी इस घटना पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि जंगलराज खत्म हो चुका है, लेकिन लालू यादव के युवराज अब भी पुलिसकर्मियों को धमका रहे हैं कि अगर उन्होंने उनके निर्देशों का पालन नहीं किया (डांस नहीं किया) तो इसके परिणाम भुगतने होंगे. बिहार अब बदल चुका है. चाहे तेजस्वी यादव हों, तेज प्रताप यादव हों या लालू परिवार के कोई भी सदस्य, उन्हें समझना चाहिए कि ऐसे कार्य अब बदलते बिहार में स्वीकार्य नहीं हैं.

बीजेपी और कांग्रेस ने भी की आलोचना

बीजेपी नेता शाहनवाज हुसैन ने भी तेज प्रताप यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने अपने बॉडीगार्ड से डांस करने को कहा, वरना उसे सस्पेंड करने की धमकी दी. उन्हें न तो किसी को सस्पेंड करने का अधिकार है और न ही उनके पास कोई सत्ता है. यह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का ‘सुशासन’ है, न कि जंगलराज. इस तरह की भाषा का उपयोग करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. राजद के नेता अब भी नहीं बदले हैं.

तेज प्रताप यादव के इस बयान की आलोचना सिर्फ विपक्ष ने ही नहीं, बल्कि उनकी सहयोगी पार्टी कांग्रेस ने भी की. कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने कहा कि मैं इस बयान की निंदा करता हूं. उन्हें यह तक नहीं पता कि उनके पास किसी को सस्पेंड करने की शक्ति नहीं है. एक पुलिसकर्मी से इस तरह की बात करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है.

तेज प्रताप यादव पर बढ़ता विवाद

तेज प्रताप यादव के इस बयान ने एक बार फिर राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है. विपक्षी दलों के साथ-साथ उनके सहयोगी भी इस पर सवाल उठा रहे हैं. हालांकि, तेज प्रताप यादव और RJD ने अब तक इस मुद्दे पर कोई सफाई नहीं दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *