मुंबई हमलों का मास्टरमाइंड तहव्वुर राणा से पूछताछ में खुलेंगे 26/11 के पुराने राज? जानें कैसी होती है NIA की अदालत ?

NIA Court : 26/11 मुंबई हमलों के कथित मास्टरमाइंड तहव्वुर हुसैन राणा को आखिरकार भारत लाया जा चुका है। अमेरिका से प्रत्यर्पण के बाद अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) उसकी कड़ी सुरक्षा में पूछताछ जारी है। माना जा रहा है कि राणा से जुड़ी जानकारी सिर्फ एक आतंकी हमले की नहीं, बल्कि भारत में फैले कई इंटरनेशनल टेरर नेटवर्क के रहस्य खोल सकती है। राणा की गिरफ्तारी और पूछताछ की प्रक्रिया के साथ ही एक बार फिर चर्चा में आ गई है देश की प्रमुख आतंकवाद-रोधी जांच एजेंसी NIA। NIA सिर्फ एक जांच संस्था नहीं, बल्कि आतंकवाद के खिलाफ भारत की जवाबी रणनीति का मजबूत स्तंभ बन चुकी है।

कैसे बनी देश की सबसे खास जांच एजेंसी?

26 नवंबर 2008 को जब मुंबई पर हमला हुआ था, तो पूरी दुनिया ने भारत की सुरक्षा व्यवस्था और जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाए थे। 60 घंटे तक चला वह हमला एक चेतावनी था कि राज्य स्तर की पुलिस या जांच एजेंसियां ऐसे हाई-प्रोफाइल और क्रॉस-बॉर्डर हमलों को अकेले नहीं संभाल सकतीं। इसी पृष्ठभूमि में केंद्र सरकार ने साल 2009 में NIA (नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी) की स्थापना की। इसका उद्देश्य था देश के किसी भी हिस्से में जाकर आतंकी गतिविधियों की जांच करना, और ऐसे मामलों में केंद्र सरकार को सीधे रिपोर्ट करना।

क्या-क्या देखती है NIA?

NIA सिर्फ बम धमाकों या फायरिंग की जांच नहीं करती। इसका दायरा कहीं बड़ा है। इसमें शामिल हैं आतंकवाद और आतंकी फंडिंग, सीमा पार आतंक और पाकिस्तानी नेटवर्क, नकली करेंसी, मानव तस्करी और ड्रग्स की इंटरनेशनल तस्करी, बायोलॉजिकल या केमिकल अटैक की साजिश, माओवाद और चरमपंथी गतिविधियां इस एजेंसी को गृह मंत्रालय संचालित करता है, और इसमें काम करने वाले अधिकतर अफसर आई.पी.एस या केंद्रीय सुरक्षा बलों से डेपुटेशन पर आते हैं।

कैसी होती है NIA की अदालतें ?

भले ही NIA एक केंद्रीय जांच एजेंसी है, लेकिन इसकी अपनी कोई स्थायी अदालत नहीं है। सरकार सेशन कोर्ट्स को विशेष नोटिफिकेशन के जरिए NIA कोर्ट घोषित कर देती है।

उदाहरण के लिए दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट में, मुंबई, कोच्चि, हैदराबाद, जयपुर, भोपाल जैसे शहरों में ये कोर्ट आम कोर्ट्स के भीतर ही होते हैं, लेकिन सुरक्षा बहुत कड़ी होती है और इन मामलों की सुनवाई तेज़ी से करने की कोशिश होती है। तहव्वुर राणा जैसे हाई-प्रोफाइल आरोपी की पेशी संभवतः वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हो सकती है ताकि सुरक्षा में कोई चूक न हो।

NIA Court में कौन-से केस जाते हैं ?

कोई भी मामला जिसमें राष्ट्रीय सुरक्षा पर सीधा खतरा हो, वह NIA को सौंपा जा सकता है। मसलन, रेलवे स्टेशन या धार्मिक स्थलों पर बम धमाका, किसी संगठन को दुश्मन देश से फंडिंग मिलना, ISIS जैसे समूहों में युवाओं की भर्ती की साजिश, अंतरराष्ट्रीय हथियार या ड्रग्स तस्करी के मामले. इनमें से कई मामलों में चार्जशीट दाखिल हो चुकी है और सजा भी मिली है, जैसे कि ISIS मॉड्यूल केस जिसमें केरल, महाराष्ट्र और तेलंगाना के युवाओं को ब्रेनवॉश कर आतंकी संगठनों से जोड़ा गया।

NIA Court के फैसले के खिलाफ क्या विकल्प होता है?

अगर कोई NIA कोर्ट के फैसले से संतुष्ट नहीं है, तो वह सबसे पहले हाईकोर्ट और फिर सुप्रीम कोर्ट में अपील कर सकता है। यानी न्याय की पूरी प्रक्रिया वैसी ही है, जैसी अन्य अदालतों में होती है, बस इसमें प्राथमिकता और सुरक्षा स्तर अधिक होता है।

तहव्वुर राणा से हो सकते हैं बड़े खुलासे?

विशेषज्ञ मानते हैं कि राणा से पूछताछ मुंबई हमलों की जांच में कई नई कड़ियों को जोड़ सकती है, खासकर पाकिस्तान के ISI नेटवर्क और अमेरिका के भीतर बैठे संभावित सहयोगियों की भूमिका पर। राणा, डेविड हेडली का करीबी रह चुका है, जिसने मुंबई हमलों की साजिश में रेकी की भूमिका निभाई थी। इस पूछताछ से यह भी पता चल सकता है कि भारत में अब भी कौन-कौन से नेटवर्क सक्रिय हैं और उनमें किन देशों का समर्थन है। तहव्वुर राणा का भारत आना सिर्फ एक आरोपी की वापसी नहीं है, यह भारत की आतंकवाद के खिलाफ सतर्कता, कानूनी तैयारी और वैश्विक सहयोग का प्रतीक है। अब देखना है कि NIA इस मौके को किस तरह न्याय, सुरक्षा और पारदर्शिता के साथ आगे ले जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *