अभिव्यक्ति की आज़ादी के साथ ज़िम्मेदारी भी ज़रूरी, ब्राह्मण समुदाय पर टिप्पणी के बाद अनुराग कश्यप ने मांगी माफ़ी

Anurag Kashyap controversy : चर्चित फिल्म निर्माता और अभिनेता अनुराग कश्यप एक बार फिर अपने बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं। हाल ही में ब्राह्मण समुदाय के बारे में की गई एक आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। मामला बढ़ने पर कश्यप ने शुक्रवार रात इंस्टाग्राम पर एक लंबा नोट साझा कर सार्वजनिक रूप से माफ़ी मांगी है। हालांकि उनकी माफ़ी के अंदाज़ और शब्दों को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।

क्या है विवाद ?

विवाद की शुरुआत अनुराग कश्यप की एक सोशल मीडिया पोस्ट के कमेंट सेक्शन से हुई, जहां उन्होंने एक यूज़र की जातिगत टिप्पणी का जवाब देते हुए लिखा था, मैं ब्राह्मणों पर पेशाब करूंगा… कोई समस्या?, यह प्रतिक्रिया वायरल होते ही भारी आलोचना का कारण बन गई। सोशल मीडिया पर यूज़र्स ने इस बयान को अपमानजनक, जातिवादी और समाज को बांटने वाला करार दिया।

विरोध और कानूनी कार्रवाई की मांग

विवाद बढ़ने के बाद कश्यप के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग भी उठने लगी। सुप्रीम कोर्ट के वकील और राजनीतिक सलाहकार आशुतोष जे. दुबे ने मुंबई पुलिस में इस मामले को लेकर आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई है। दुबे ने अपनी शिकायत में कहा कि अनुराग कश्यप की टिप्पणी न केवल ब्राह्मण समुदाय को अपमानित करती है, बल्कि समाज में घृणा और वैमनस्य फैलाने का भी प्रयास करती है। ट्विटर पर शिकायत की प्रति साझा करते हुए दुबे ने लिखा, सभ्य समाज में इस तरह की नफ़रत भरी बातें बर्दाश्त नहीं की जा सकतीं। कानून को अपना काम करना चाहिए।

Anurag Kashyap की माफ़ी और स्पष्टीकरण

मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुराग कश्यप ने शुक्रवार रात अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक नोट जारी किया। उन्होंने लिखा, यह मेरी माफ़ी है, पोस्ट के लिए नहीं, बल्कि उस एक पंक्ति के लिए जिसे संदर्भ से बाहर निकाल कर नफ़रत फैलाई गई। कोई भी काम या शब्द आपकी बेटी, परिवार, दोस्तों या सहकर्मियों को तथाकथित संस्कृति के संरक्षकों से बलात्कार और मौत की धमकियों के अधीन करने के लायक नहीं है। जो कहा गया है, उसे वापस नहीं लिया जा सकता और मैं भी उसे वापस नहीं लूंगा। अगर आपको मुझे गाली देनी है, तो दीजिए। मेरे परिवार ने कुछ नहीं कहा है, न ही वे मेरे लिए बोलते हैं। इसलिए अगर माफ़ी की ज़रूरत है, तो यही है। ब्राह्मणों, कृपया महिलाओं को छोड़ दें , इतनी संस्कृति तो शास्त्रों में भी सिखाई जाती है, सिर्फ़ मनुवाद में नहीं। तय करें कि आप किस तरह के ब्राह्मण बनना चाहते हैं। बाकी मेरी माफ़ी।

हालांकि कश्यप की इस माफ़ी को कई लोगों ने अहंकारपूर्ण और शर्तों से बंधी करार दिया है। कई यूज़र्स ने इसे एक असली आत्ममंथन की बजाय “विक्टिम कार्ड” खेलने की कोशिश बताया है।

‘फुले’ फिल्म से जुड़ा है विवाद

इस पूरे विवाद की पृष्ठभूमि में एक और महत्वपूर्ण बिंदु है, फिल्म ‘फुले’ को लेकर कश्यप की नाराज़गी। उन्होंने हाल ही में केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) की आलोचना की थी और आरोप लगाया था कि ‘फुले’ को मंजूरी देने में अनावश्यक देरी की जा रही है। ‘फुले’ एक बायोपिक फिल्म है, जिसमें समाज सुधारक ज्योतिराव फुले की भूमिका अभिनेता प्रतीक गांधी निभा रहे हैं, जबकि पत्रलेखा उनकी पत्नी सावित्रीबाई फुले के किरदार में नजर आएंगी। इस फिल्म का निर्देशन अनंत महादेवन ने किया है।

Anurag Kashyap : सोशल मीडिया पर बहस जारी

जहां एक ओर कुछ लोग कश्यप के समर्थन में खड़े हैं और उनके बयान को “प्रतिक्रिया में कही गई प्रतिक्रिया” बता रहे हैं, वहीं दूसरी ओर एक बड़ा वर्ग इसे ब्राह्मण समुदाय के खिलाफ सीधा अपमान मान रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की आड़ में किसी भी समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल सामाजिक ताने-बाने के लिए घातक हो सकता है। इस प्रकरण ने एक बार फिर यह बहस छेड़ दी है कि क्या बहुसंख्यक समुदायों के प्रति समाज में दोहरा रवैया अपनाया जा रहा है?

अनुराग कश्यप (Anurag Kashyap)जैसे सार्वजनिक व्यक्ति के लिए ज़रूरी है कि वे अपनी लोकप्रियता और प्रभाव का इस्तेमाल समाज में सकारात्मक संवाद के लिए करें, न कि भड़काऊ टिप्पणियों और द्वेषपूर्ण विमर्श को हवा देने के लिए। वहीं, समाज को भी यह समझने की ज़रूरत है कि आलोचना का अधिकार सभी को है, लेकिन उसके साथ जिम्मेदारी और मर्यादा भी अनिवार्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *