Bihar Politics : केंद्रीय मंत्री से विधायक क्यों बनना चाहते चिराग पासवान ?

Chirag Paswan : ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ का नारा देने वाले केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान अब बिहार की राजनीति में अपनी सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराने को तैयार दिख रहे हैं। हाल ही में उन्होंने इशारा दिया है कि आगामी विधानसभा चुनावों में वह खुद मैदान में उतर सकते हैं। एलजेपी (रामविलास) की कार्यकारिणी बैठक में भी इस प्रस्ताव पर मुहर लग चुकी है। दिलचस्प बात यह है कि चर्चा सिर्फ उनके चुनाव लड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि इस कदम को बिहार की सत्ता संरचना में उनकी भूमिका की नई पटकथा के रूप में देखा जा रहा है।

Chirag Paswan का रणनीति के तहत बड़ा दांव

वैशाली की एक जनसभा में चिराग पासवान ने कहा था कि अगर पार्टी चाहेगी तो मैं चुनाव जरूर लड़ूंगा। यह कोई दिखावा या बहानेबाजी नहीं है। पार्टी इस पर गंभीरता से विचार कर रही है। उनका यह बयान साफ इशारा करता है कि यह महज व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा नहीं, बल्कि पार्टी की व्यापक रणनीति का हिस्सा है। चिराग मानते हैं कि बड़े नेता का चुनावी मैदान में उतरना पार्टी के कार्यकर्ताओं में ऊर्जा का संचार करता है और इससे संगठन को मजबूती मिलती है। उनकी बातों से यह भी साफ है कि वह लोकसभा चुनावों की तरह इस बार भी पार्टी का स्ट्राइक रेट बेहतर करना चाहते हैं। उन्होंने दावा किया कि उनके विधानसभा चुनाव लड़ने से न सिर्फ एलजेपी (रामविलास), बल्कि समूचे एनडीए गठबंधन को भी फायदा हो सकता है। यह बयान निश्चित रूप से बिहार की राजनीति में हलचल पैदा करने वाला है।

सिर्फ विधायक नहीं सीएम पद की भी तैयारी कर रहें Chirag Paswan ?

सवाल यह है कि तीन बार के सांसद और मौजूदा केंद्रीय मंत्री आखिर अब विधायक क्यों बनना चाहते हैं? क्या उनका लक्ष्य महज विधानसभा की सदस्यता तक सीमित रहेगा या यह मुख्यमंत्री पद की दावेदारी की जमीन तैयार करने का पहला कदम है? जवाब तो भविष्य के गर्भ में है, लेकिन यह साफ है कि चिराग पासवान इस कदम के जरिए बिहार की राजनीति में अपनी पकड़ मजबूत करना चाहते हैं। एलजेपी (रामविलास) के प्रदेश प्रभारी और सांसद अरुण भारती ने भी चिराग के इस फैसले का खुलकर स्वागत किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “चिराग हमेशा कहते हैं कि उनकी राजनीति बिहार केंद्रित है। उनका विजन ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ एक विकसित और आत्मनिर्भर बिहार का संकल्प है। यह तभी संभव होगा जब वह खुद बिहार में रहकर नेतृत्व करें। भारती ने यह भी जोड़ा कि जब वे गांव-गांव गए, तो लोगों की एक ही मांग थी कि चिराग बिहार में बड़ी भूमिका निभाएं। इसीलिए पार्टी कार्यकारिणी ने सर्वसम्मति से उनके चुनाव लड़ने का प्रस्ताव पारित किया।

आरक्षित नहीं, सामान्य सीट पर नजर

एक और दिलचस्प संकेत है कि चिराग इस बार किसी आरक्षित सीट से नहीं, बल्कि सामान्य सीट से चुनाव लड़ने के पक्ष में हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं की राय भी यही है। इसके पीछे चिराग की सोच यह है कि वह सिर्फ एक वर्ग के नहीं, बल्कि पूरे बिहार के नेता बनकर उभरें। सामान्य सीट पर चुनाव लड़कर वह सभी तबकों के मतदाताओं को अपने साथ जोड़ने का संदेश देना चाहते हैं। यह कदम उन्हें एक समावेशी नेता के तौर पर स्थापित करने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

एनडीए में समीकरण और विपक्ष की नजर

बिहार में इस समय नीतीश कुमार की अगुवाई में जेडीयू-बीजेपी गठबंधन की सरकार है। एनडीए में पहले से ही जेडीयू और बीजेपी के बीच मुख्यमंत्री पद को लेकर स्पष्ट समीकरण है। ऐसे में अगर चिराग चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचते हैं, तो एनडीए के भीतर उनकी भूमिका और जगह क्या होगी? क्या उन्हें सिर्फ मंत्री पद देकर संतुष्ट किया जाएगा या उनकी महत्वाकांक्षाओं को संभालने के लिए कोई नई रणनीति बनेगी? यह चुनौती एनडीए के लिए भी अहम होगी। वहीं, विपक्ष के लिए भी यह एक मौका है। आरजेडी के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने चिराग के चुनाव लड़ने की खबर को लेकर तंज कसा कि एनडीए में अब सिर फुटव्वल शुरू हो गया है और कई मुख्यमंत्री पद के दावेदार सामने आ गए हैं। उन्होंने कहा कि जेडीयू-बीजेपी जहां नीतीश कुमार को सीएम चेहरा बता रहे हैं, वहीं एलजेपी (रामविलास) अब चिराग को सीएम पद का दावेदार बता रही है। यह बयान चिराग की महत्वाकांक्षा को विपक्ष की निगाहों में भी अहम बना देता है।

तेजस्वी से Chirag Paswan के रिश्तों की भी चर्चा

चिराग पासवान ने पहले भी कहा है कि उनका पारिवारिक रिश्ता तेजस्वी यादव से पुराना है। हालांकि विचारधारा की वजह से वे राजनीतिक तौर पर अलग हैं। ऐसे में अगर बिहार में त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति बनती है, तो चिराग की भूमिका किंगमेकर जैसी हो सकती है। विपक्ष इस संभावना को भी नजरअंदाज नहीं कर रहा है।

 औपचारिक ऐलान बाकी

फिलहाल चिराग पासवान ने खुद अपने चुनाव लड़ने का औपचारिक ऐलान नहीं किया है, लेकिन संकेतों और पार्टी की तैयारियों से साफ है कि उन्होंने मन बना लिया है। उनका बिहार विधानसभा चुनाव में उतरना केवल एक व्यक्तिगत निर्णय नहीं, बल्कि पूरे बिहार की राजनीति को एक नई करवट दे सकता है। चिराग के इस फैसले से जहां उनकी पार्टी को मजबूती मिलेगी, वहीं बिहार की सत्ता की राजनीति में भी नई उठापटक की शुरुआत हो सकती है। क्या चिराग पासवान का यह कदम बिहार की राजनीति में एक नए युग का सूत्रपात करेगा? यह सवाल अब हर राजनीतिक विश्लेषक की जुबां पर है। बिहार की जनता को भी अब चिराग के औपचारिक ऐलान का इंतजार है,क्योंकि यह ऐलान सिर्फ एक व्यक्ति की उम्मीदवारी नहीं, बल्कि बिहार की राजनीतिक तस्वीर को बदलने वाला कदम हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *