नीतीश और लालू सरकार में क्या है अंतर…घर घर जा कर rjd करेगी प्रचार

rjd jansampark abhiyaan : बिहार में 2025 के विधानसभा चुनावों को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने 11 जून से राज्यव्यापी जनसंपर्क और संवाद कार्यक्रम की शुरुआत करने का ऐलान किया है। इस अभियान के जरिए पार्टी जनता को 1990 से पहले और बाद के बिहार की स्थिति की जानकारी देगी।

राज्यव्यापी जनसंपर्क और संवाद कार्यक्रम का क्या है मकसद

युवा आरजेडी के प्रदेश अध्यक्ष राजेश यादव ने बताया कि यह विशेष अभियान आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के जन्मदिन से शुरू होगा। उन्होंने कहा कि 1990 से पहले का बिहार किस स्थिति में था और लालू प्रसाद यादव के शासन के बाद बिहार में क्या बदलाव आए, इसे जनता के सामने लाया जाएगा। साथ ही, उपमुख्यमंत्री रहते हुए 17 महीने के कार्यकाल में तेजस्वी यादव ने जो काम किए, उन्हें भी विस्तार से बताया जाएगा।

राजेश यादव ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य सिर्फ तेजस्वी यादव के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनवाना नहीं है, बल्कि आने वाले समय में उनके नेतृत्व में प्रस्तावित योजनाओं और विकास मॉडल की जानकारी भी जनता तक पहुंचाना है। उन्होंने दावा किया कि इस कार्यक्रम के जरिए आरजेडी का मकसद राज्य में अपने जनाधार को मजबूत करना और तेजस्वी यादव को भावी मुख्यमंत्री के रूप में स्थापित करना है।

शहर-शहर जाकर लोगों से संवाद स्थापित करेगी rjd

युवा आरजेडी इस अभियान के दौरान सरकार से कई सवाल भी पूछेगी। राजेश यादव ने कहा कि पार्टी यह जानना चाहती है कि 65 फीसदी आरक्षण लागू क्यों नहीं हो पाया और अब तक युवा आयोग का गठन क्यों नहीं हुआ। उन्होंने कहा, “ये दोनों मुद्दे राज्य के युवाओं के भविष्य से सीधे जुड़े हुए हैं और नीतीश सरकार की नीतियों ने युवाओं को सिर्फ निराश किया है। आरजेडी कार्यकर्ता गांव-गांव, शहर-शहर जाकर लोगों से संवाद स्थापित करेंगे। इस अभियान में खासतौर पर युवाओं और पहली बार वोट देने वाले मतदाताओं को केंद्र में रखा गया है। पार्टी का मानना है कि इन वर्गों का समर्थन 2025 के चुनावों में आरजेडी की जीत की राह आसान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *