Sabudana Kheer Recipe : सावन का पावन महीना अब दस्तक देने ही वाला है। हिन्दू पंचांग के अनुसार यह महीना भगवान शिव को समर्पित होता है और श्रद्धालु पूरे महीने व्रत और पूजा-पाठ में लीन रहते हैं। खासकर सोमवार को शिव भक्त व्रत रखते हैं और दिनभर फलाहार के जरिए ही ऊर्जा प्राप्त करते हैं। ऐसे में व्रत के दौरान सेहत का ख्याल रखना भी जरूरी हो जाता है।
व्रत के दिनों में क्या खाना चाहिए
व्रत के दिनों में अक्सर देखा गया है कि लोगों को डिहाइड्रेशन, थकावट और कमजोरी की शिकायत होने लगती है। खासकर तब, जब भोजन सीमित मात्रा में और बिना पोषण वाला लिया जाए। ऐसे में साबूदाना खीर एक आदर्श विकल्प बनकर सामने आती है, यह न केवल स्वादिष्ट होती है, बल्कि शरीर को आवश्यक ऊर्जा भी प्रदान करती है। इस सावन यदि आप व्रत रख रहे हैं और हेल्दी, एनर्जेटिक फलाहार की तलाश में हैं, तो साबूदाना खीर को अपनी थाली में जरूर शामिल करें। यह शरीर को पोषण देने के साथ-साथ भगवान शिव की उपासना के दौरान आपको ऊर्जावान बनाए रखेगी।
क्यों खास है साबूदाना खीर?
साबूदाना में कार्बोहाइड्रेट की भरपूर मात्रा होती है, जो शरीर को लंबे समय तक ऊर्जा देती है। साथ ही जब इसे दूध, ड्राई फ्रूट्स और इलायची जैसे तत्वों के साथ मिलाकर खीर के रूप में तैयार किया जाता है, तो यह एक संपूर्ण पौष्टिक फलाहार बन जाता है।
Sabudana Kheer Recipe : सामग्री
- आधा कप साबूदाना
- 1 लीटर दूध
- स्वादानुसार चीनी
- आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर
- 1 छोटा चम्मच घी
- काजू, बादाम, पिस्ता (कटे हुए)
Sabudana Kheer Recipe : बनाने की विधि
-
स्टेप-1:
सबसे पहले साबूदाने को अच्छी तरह धोकर 3 घंटे के लिए पानी में भिगो दें। अब एक भारी तले वाले पैन में 1 लीटर दूध डालकर उबालें। दूध में उबाल आने के बाद उसमें भीगा हुआ साबूदाना डालें और धीमी आंच पर पकाएं। इस दौरान बीच-बीच में चलाते रहें ताकि साबूदाना नीचे न लगे।
-
स्टेप-2:
थोड़ी देर में खीर गाढ़ी होने लगेगी। अब इसमें स्वादानुसार चीनी और इलायची पाउडर डालें और अच्छे से मिक्स करें। फिर कटे हुए काजू, बादाम और पिस्ता भी डाल दें। आप चाहें तो घी में ड्राई फ्रूट्स को हल्का भूनकर डाल सकते हैं, इससे स्वाद और भी बढ़ जाएगा। 5-7 मिनट तक और पकाने के बाद गैस बंद कर दें। लीजिए तैयार है व्रत के लिए परफेक्ट साबूदाना खीर। आप इसे गर्म या ठंडा, दोनों तरह से परोस सकते हैं।
बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, सबके लिए फायदेमंद
सावन के सोमवार व्रत में यह खीर(Sabudana Kheer Recipe) न केवल स्वादिष्ट है, बल्कि यह पेट को हल्का रखने और पूरे दिन ऊर्जा बनाए रखने में मदद करती है। छोटे बच्चों को इसका स्वाद बहुत पसंद आता है, और बुजुर्गों के लिए यह सुपाच्य विकल्प है।