Asia Cup 2025 : 26 जुलाई को एशिया कप 2025 का शेड्यूल जैसे ही सामने आया, मानो क्रिकेट से ज्यादा सियासत की गेंद मैदान में उतर आई। टूर्नामेंट 9 सितंबर से 28 सितंबर तक खेला जाएगा, लेकिन जो तारीख सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोर रही है वो है…14 सितंबर, जिस दिन भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी।
राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी का BCCI पर निशाना
लेकिन इस महामुकाबले से डेढ़ महीने पह ले ही देश में बवाल मच गया है। सोशल मीडिया पर बहिष्कार की लहर दौड़ गई है। लोग पूछ रहे हैं… क्या पाकिस्तान के साथ खेलना वाकई जरूरी है? स मुद्दे ने तूल तब पकड़ा जब शिवसेना की राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने खुलकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) पर निशाना साधा। उन्होंने एक्स (Twitter) पर लिखा कि “डियर बीसीसीआई, भारत-पाक मैच को आप चाहे कहीं भी करवा लें, हम इसका विरोध करेंगे। हमारे सैनिकों के खून पर मुनाफा मत कमाइए। एक तरफ देश के CDS कह रहे हैं ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जारी है और दूसरी तरफ आप दौड़ पड़े हैं अपनी खूनी कमाई के लिए। हैलो, खेल मंत्री मांडविया जी… क्या ये सब ठीक है?”
BCCI पर दबाव
सवाल अब सिर्फ एक खेल का नहीं रहा, बात देश के सम्मान, सैनिकों के बलिदान और संवेदनाओं की हो चली है। BCCI पर यह आरोप है कि वो क्रिकेट को कमाई का साधन बना रही है, भले ही उसके लिए पाकिस्तान से जुड़ाव क्यों न करना पड़े।अब देखना ये होगा कि क्या BCCI इस दबाव में झुकेगा? या फिर 14 सितंबर को भारत-पाक का महा मुकाबला मैदान में सियासत से ऊपर साबित होगा? एक मैच, जो सिर्फ क्रिकेट नहीं, एक राष्ट्र भावना बन गया है।
एशिया कप 2025 का शेड्यूल जारी
बता दें कि एशिया कप 2025 का शेड्यूल आधिकारिक रूप से जारी कर दिया गया है। इस बार टूर्नामेंट की मेजबानी संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) कर रहा है, और यह 9 सितंबर से 28 सितंबर तक खेला जाएगा। खास बात यह है कि इस बार एशिया कप को टी20 फॉर्मेट में आयोजित किया जा रहा है, जिससे टी20 विश्व कप से पहले एशियाई टीमों को तैयारी का अच्छा मौका मिलेगा।
भारत और पाकिस्तान एक ही ग्रुप में
क्रिकेट प्रेमियों के लिए सबसे बड़ी खबर यह है कि भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा गया है। दोनों चिर-प्रतिद्वंद्वी टीमों के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबला 14 सितंबर (रविवार) को खेला जाएगा, जिससे यह मुकाबला और भी रोमांचक हो जाएगा। इस बार एशिया कप में कुल 8 टीमें भाग ले रही हैं, जिन्हें दो ग्रुपों में बांटा गया है
- ग्रुप A: भारत, पाकिस्तान, यूएई, ओमान
- ग्रुप B: श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान, हॉन्गकॉन्ग
टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला 9 सितंबर को अफगानिस्तान और हॉन्गकॉन्ग के बीच खेला जाएगा।
भारत के लीग मुकाबले
- 10 सितंबर: भारत vs यूएई
- 14 सितंबर: भारत vs पाकिस्तान
- 19 सितंबर: भारत vs ओमान
भारत को सभी लीग मैच ग्रुप A की अन्य टीमों के खिलाफ खेलने हैं। इसके बाद शीर्ष दो टीमें सुपर-4 में प्रवेश करेंगी, जहां फाइनलिस्ट का निर्धारण होगा।
फाइनल 28 सितंबर को
टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 28 सितंबर को खेला जाएगा। इससे पहले सुपर-4 राउंड में शीर्ष चार टीमें एक-दूसरे से भिड़ेंगी, और अंकतालिका के आधार पर शीर्ष दो टीमें फाइनल में जगह बनाएंगी। एशिया कप 2025 क्रिकेट फैंस के लिए एक बड़ा रोमांच लेकर आने वाला है, खासकर भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर उत्साह चरम पर है।