Madhubani painting : उत्तर बिहार का मधुबनी क्षेत्र अपनी परंपरा और रंगों की कला के लिए पूरी दुनिया में जाना जाता है. यहां के घर घर में मिट्टी की दीवारों पर बने चित्र न केवल धार्मिक कथाओं को जीवित करते हैं, बल्कि महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने की पहचान भी बन चुके हैं. इस इलाके में इस विशेष चित्रकला को मिथिला पेंटिंग के नाम से जाना जाता हैं,हालांकि यह मधुबनी पेंटिंग के नाम से भी लोकप्रिय है.
पौराणिक और सांस्कृतिक आधार
मिथिला की धरती पर सदियों से लोक कथाओं को चित्रित करने की परंपरा रही है. धार्मिक आयोजनों और उत्सवों पर महिलाएं आंगन व दीवारों को सजाती रही है जो आज भी जीवित है,. यही परंपरा समय के साथ मधुबनी पेंटिंग के रूप में विकसित हुई,जिसने ग्रामीण जीवन में न केवल कला का महत्व बढ़ाया बल्कि आजीविका का साधन भी उपलब्ध कराया. पहले यह कला केवल गांवों तक सीमित थी. लेकिन धीरे-धीरे यह अब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच चुकी है. स्थानीय कलाकारों ने प्राकृतिक रंगों मिट्टी, हल्दी, कोयला, नीम की छाल और कुमकुम का प्रयोग कर इसे और आकर्षक बनाया. रामायण–महाभारत की कथाएं, फूल-पत्तियों की डिजाइन और लोक परंपराओं के दृश्य इसमें शामिल रहा . समय के साथ मधुबनी चित्रकला ने विश्व-स्तर पर पहचान बनाई और जो केवल सजावट तक सिमटी नहीं रही बल्कि आर्थिक सशक्तिकरण का साधन बन गई.
क्या है मिथिला पेंटिंग
मधुबनी पेंटिंग न केवल दीवारों पर,बल्कि कपड़ों, होम डेकोर और डिजिटल कला तक अपनी पहचान बना चुकी है. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसकी खास मांग है. जिसके कारण ना सिर्फ पुरुष बल्कि महिलाएं भी इसे पेशेवर रूप से अपनाकर आत्मनिर्भर हो रही हैं. पहले जो महिलाएं घर की चौखट तक सीमित थीं, वे अब अपनी कला से पूरे विश्व में बिहार के साथ साथ अपनी पहचान बना रही है. यह कला केवल चित्रों तक सीमित नहीं है बल्कि यह लोगों के जीवन और संस्कृति से जुड़ा हुआ है. जैसे सोनपुर मेले का स्वाद और भीड़ उसकी पहचान है, वैसे ही मधुबनी की पहचान इसके प्राकृतिक रंग,धार्मिक कथाएं और स्त्रियों की मेहनत है. इस कला में परंपरा, आस्था और आधुनिक सोच का सुंदर मिश्रण दिखाई देता है.
बदलते समय के साथ और निखर रही हैं यह कला
समय के साथ मधुबनी चित्रकला ने भी खुद को बदला है. अब इसे फैशन डिज़ाइन, आधुनिक कैनवास और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी जगह मिल रही है. ऑनलाइन बिक्री और सोशल मीडिया ने ग्रामीण कलाकारों की कला को दुनिया के हर कोने तक पहुँचा दिया है. जहाँ बुज़ुर्ग इसे अपनी संस्कृति का गर्व मानते हैं, वहीं नई पीढ़ी इसे रोजगार और आत्मनिर्भरता का माध्यम मान रही है.