Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 नजदीक आते ही राज्य की राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। सभी दल अपनी-अपनी तैयारियों में जुटे हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस पार्टी ने भी अपनी चुनावी रणनीति को तेज कर दिया है।
बिहार कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की अहम बैठक
मंगलवार को दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी की अध्यक्षता में बिहार कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ अहम बैठक हुई। बैठक में आगामी चुनावी कार्यक्रम, सीट बंटवारे, प्रचार अभियान और संभावित उम्मीदवारों के चयन पर विस्तार से चर्चा की गई। कांग्रेस अब वोटर अधिकार यात्रा के बाद बने माहौल को भुनाने के लिए प्रमंडल और जिला स्तर पर जनसंपर्क रैलियां शुरू करने जा रही है। इन रैलियों में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे की भागीदारी भी संभव है। बैठक के बाद बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरू ने बताया कि अब तक हुए कार्यों की समीक्षा की गई और आगे की रणनीति पर विचार हुआ। उन्होंने कहा कि पार्टी जल्द से जल्द उम्मीदवारों की सूची जारी करना चाहती है ताकि प्रत्याशियों को प्रचार के लिए पर्याप्त समय मिल सके।
70 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में कांग्रेस
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस इस बार भी लगभग 70 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में है। हालांकि, कुछ सीटों को लेकर बदलाव की संभावना है। इसके लिए महागठबंधन के प्रमुख घटक दल राजद के साथ लगातार बातचीत चल रही है। अल्लावरू ने कहा कि सीट बंटवारे को लेकर बातचीत सकारात्मक दिशा में है और महागठबंधन के सभी दलों के बीच आपसी समझ विकसित हो रही है। इस बार महागठबंधन में राष्ट्रीय लोक जनता पार्टी (रालोजपा) और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जैसे नए सहयोगी भी शामिल हैं। ऐसे में सीट शेयरिंग के साथ-साथ संयुक्त घोषणापत्र और चुनाव प्रचार अभियान पर भी चर्चा की गई। कांग्रेस चाहती है कि महागठबंधन एकजुट और मजबूत चेहरा पेश करे, इसलिए समन्वय पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
संभावित प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा
कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी की अहम बैठक बुधवार को दिल्ली में होगी, जिसमें प्रदेश से आए आवेदनों की समीक्षा कर संभावित प्रत्याशियों के नामों पर विचार किया जाएगा। उम्मीदवारों की सामाजिक, राजनीतिक और क्षेत्रीय योग्यता को ध्यान में रखते हुए अंतिम सूची तैयार करने की दिशा में काम होगा। इस रणनीतिक बैठक में प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, स्क्रीनिंग कमेटी चेयरमैन अजय माकन, विधायक दल के नेता शकील अहमद खान, विधान परिषद नेता मदन मोहन झा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह, सांसद तारिक अनवर, मनोज कुमार, मोहम्मद जावेद, निर्दलीय सांसद पप्पू यादव और उनकी पत्नी रंजीत रंजन, साथ ही कन्हैया कुमार मौजूद रहे। कांग्रेस ने साफ किया है कि सीट शेयरिंग को लेकर महागठबंधन में किसी तरह का मतभेद नहीं है और सभी फैसले आपसी सहमति और पारदर्शिता से लिए जाएंगे।