Laughter Therapy क्या दवा से भी ज्यादा असरदार होती है हंसी.! जानिए कैसे बदल देती है यह जिंदगी!

Laughter Therapy: विशेषज्ञों के अनुसार जब हम खुलकर हंसते हैं तो हमारे दिमाग में एंडॉर्फिन हार्मोन निकलते हैं, जो हमें खुशी और सुकून का अहसास कराते हैं . इससे तनाव पैदा करने वाला हार्मोन कॉर्टिसोल कम होता है और दिमाग हल्का महसूस करता है. यही कारण है कि लाफ्टर थेरेपी करने वाले लोगों में चिंता और अवसाद (डिप्रेशन) के लक्षण धीरे-धीरे कम होने लगते हैं.

स्टडीज़ बताती हैं कि बुजुर्गों में यह थेरेपी स्मृति और ध्यान केंद्रित करने की क्षमता को भी मजबूत करती है.

दिल को भी मिलता है फायदा

हंसने से सिर्फ मूड ही नहीं, दिल भी स्वस्थ रहता है. विशेषज्ञ बताते हैं कि जब हम हंसते हैं तो शरीर की ब्लड वेसल्स फैलती हैं और खून का संचार बेहतर होता है. इससे ब्लड प्रेशर नियंत्रित रहता है और दिल की धड़कन स्थिर रहती है.डॉक्टरों का कहना है कि नियमित हंसी से गुड कोलेस्ट्रॉल बढ़ता है और धमनियों में जमी चर्बी का असर कम होता है. यही वजह है कि दिल की बीमारियों से बचाव के लिए भी लाफ्टर थेरेपी को उपयोगी माना जाता है.

मजबूत होती है रोग प्रतिरोधक क्षमता

हंसी से शरीर की इम्यूनिटी यानी रोग प्रतिरोधक क्षमता भी बढ़ती है.हंसने के दौरान बनने वाले पॉजिटिव हार्मोन शरीर की इम्यून कोशिकाओं को सक्रिय करते हैं, जिससे शरीर बीमारियों से बेहतर ढंग से लड़ पाता है.

बढ़ता है सामाजिक जुड़ाव

लाफ्टर थेरेपी अक्सर ग्रुप में की जाती है. लोग पार्कों या गार्डन में इकट्ठे होकर जोर-जोर से हंसते हैं और आपसी बातचीत करते हैं. इससे न केवल तनाव कम होता है, बल्कि सामाजिक रिश्ते भी मजबूत होते हैं. जो लोग अकेलापन या डिप्रेशन महसूस करते हैं, उनके लिए यह थेरेपी बेहद कारगर मानी जाती है.

क्या सभी कर सकते हैं लाफ्टर थेरेपी?

लाफ्टर थेरेपी लगभग हर किसी के लिए सुरक्षित है.हालांकि जिन लोगों को गंभीर हृदय रोग या अन्य चिकित्सीय समस्याएं हैं, उन्हें इसे शुरू करने से पहले डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए.बाकी लोग इसे आसानी से अपनी दिनचर्या में शामिल कर सकते हैं.आजकल कई दफ्तरों और कॉलोनियों में भी इसके लिए अलग समय निर्धारित किया जाता है ताकि लोग काम के तनाव से राहत पा सकें.

विशेषज्ञों का मानना है कि “दिन में कुछ मिनट खुलकर हंसना” दवा से ज्यादा असरदार हो सकता है. इसलिए कहा भी जाता है – हंसी ही सबसे अच्छी दवा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *