इंदौर का अनोखा दशहरा : रावण के 10 चेहरों का दहन होता है लेकिन इस बार दशहरे पर 11 महिला अपराधियों का पुतला जलाया जाएगा, जिन पर अपने पतियों की हत्या का आरोप है।
दशहरे के दिन रावण दहन होता है और इस पर्व को बुराई पर अच्छाई की जीत माना जाता है। हर साल देश के अलग-अलग इलाकों में धूमधाम से दशहरा मनाया जाता है और रावण दहन का कार्यक्रम भी किया जाता है। लेकिन इंदौर में इस बार कुछ खास तरीके से दशहरा मनाया जाने वाला है। दरअसल इंदौर के मेला ग्राउंड में इस बार दशहरे पर रावण दहन नहीं बल्कि शूर्पणखा दहन होगा।
पुतले पर 11 अपराधी महिलाओं के चेहरे
इंदौर के मेला ग्राउंड पर रावण दहन देखने हजारों की संख्या में लोग आते हैं। रावण के 10 चेहरों का दहन होता है लेकिन इस बार दशहरे पर 11 महिला अपराधियों का पुतला जलाया जाएगा, जिन पर अपने पतियों की हत्या का आरोप है। इस कार्यक्रम को शूर्पणखा दहन कार्यक्रम नाम दिया गया है और इसमें 10 की जगह 11 चेहरे होंगे। हर एक चेहरे पर एक ऐसी महिला का नाम लिखा है, जिस पर अपने पति की हत्या या उसकी साजिश रचने का आरोप है।
रिपोर्ट के अनुसार कार्यक्रम के आयोजक अशोक दशोरा ने कहा कि शूर्पणखा के पुतले पर इंदौर की सोनम रघुवंशी, मेरठ की मुस्कान, राजस्थान की हर्षा, जौनपुर की निकिता सिंघानिया, दिल्ली की सुष्मिता, मेरठ की रविता, फिरोजाबाद की शशि, बेंगलुरु की सूचना सेठ, मुंबई की चमन उर्फ़ गुड़िया, औरैया की प्रियंका और देवास की हंसा की तस्वीर नजर आएगी।
पौरुष संस्था का है कार्यक्रम
2 अक्टूबर को शाम 6:30 बजे पुतला दहन का कार्यक्रम रखा गया है। इस कार्यक्रम का आयोजन पौरुष संस्था है। ये संस्था ऐसे लोगों का ग्रुप है, जहां पुरुष अपनी पत्नियों के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं।