India Vs Pakistan Final : पाकिस्तान ने एशिया कप 2025 के दूसरे सेमीफाइनल में बांग्लादेश को हराकर फाइनल में जगह बना ली है. बुधवार को ही भारत ने खिताबी मुकाबले के लिए क्वालिफाई कर लिया था. अब दोनों टीमें 28 सितंबर को दुबई में एशिया कप 2025 का फाइनल खेलेंगी. मौजूदा टूर्नामेंट टी-20 फॉर्मेट में खेला जा रहा है. ग्रुप और सुपर-4 दोनों ही राउंड में भारत ने पाकिस्तान को मात दी थी. लेकिन फाइनल में मुकाबला नए सिरे से शुरू होगा. दोनों टीमें पहली बार एशिया कप के फाइनल में आमने-सामने होंगी.
13वीं बार फाइनल में आमने सामने
भारत और पाकिस्तान के बीच यह 13वां मौका होगा जब दोनों टीमें किसी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट या ट्राई सीरीज के फाइनल में भिड़ेंगी. अब तक हुए 12 फाइनल में पाकिस्तान ने 8 बार बाजी मारी है, जबकि भारत को सिर्फ 4 मुकाबलों में जीत मिली है. दोनों टीमों के बीच पिछली खिताबी भिड़ंत 2017 में ICC चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में हुई थी, जिसमें पाकिस्तान ने भारत को हराकर खिताब जीता था. भारत ने आखिरी बार पाकिस्तान को 2007 के टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में मात दी थी.
वनडे में पाकिस्तान का दबदबा
भारत और पाकिस्तान के बीच कुल 11 फाइनल वनडे फॉर्मेट में खेले गए हैं. इनमें से पाकिस्तान ने 8 बार जीत दर्ज की, जबकि भारत सिर्फ 3 फाइनल ही जीत सका. दोनों देशों के बीच पहला फाइनल 1985 में वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ क्रिकेट में खेला गया था, जिसमें भारत ने 8 विकेट से जीत हासिल की थी.
टी-20 में दूसरी खिताबी भिड़ंत
टी-20 फॉर्मेट में यह दूसरा मौका होगा जब दोनों टीमें किसी बड़े टूर्नामेंट के फाइनल में आमने-सामने होंगी. इससे पहले 2007 में जोहांसबर्ग में हुए पहले टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 5 रन से हराकर खिताब जीता था. 28 सितंबर को होने वाला एशिया कप फाइनल दोनों टीमों के लिए ऐतिहासिक साबित हो सकता है. भारत पाकिस्तान के खिलाफ 18 साल बाद किसी फाइनल में जीत की तलाश में होगा, जबकि पाकिस्तान पिछली सफलता को दोहराने के इरादे से उतरेगा.