दिवाली से पहले बिहार सरकार का बड़ा तोहफा…10 लाख कर्मचारियों का DA बढ़ा, छात्रों की स्कॉलरशिप भी डबल

Bihar Cabinet Update : दिवाली से पहले बिहार सरकार ने राज्यकर्मियों, पेंशनभोगियों, छात्रों और किसानों के लिए राहत भरे फैसले किए हैं. शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में 129 एजेंडों को मंजूरी दी गई. इसमें सबसे बड़ा फैसला राज्यकर्मियों और पेंशनभोगियों के महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी का रहा. अब कर्मचारियों को 55% की जगह 58% DA मिलेगा, जो 1 जुलाई 2025 से लागू होगा. इस फैसले से 10 लाख से अधिक कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को फायदा होगा.

छात्रों की स्कॉलरशिप दोगुनी

सरकार ने छात्रों की छात्रवृत्ति राशि भी बढ़ा दी है. कक्षा 1 से 4 तक के बच्चों की सालाना छात्रवृत्ति 600 से बढ़ाकर 1200 रुपए कर दी गई. कक्षा 5 और 6 के बच्चों को अब 1200 की जगह 2400 रुपए मिलेंगे. कक्षा 7 से 10 तक के छात्रों की छात्रवृत्ति 1800 से बढ़ाकर 3600 रुपए कर दी गई. इस फैसले से लाखों छात्रों को लाभ होगा. राज्य सरकार इसके लिए हर साल 300 करोड़ रुपए खर्च करेगी.

डायल-112 के कर्मचारियों की सैलरी में बढ़ोतरी

आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली (ERSS) परियोजना के तहत डायल-112 में तैनात रिटायर्ड सेना के ड्राइवरों को नियुक्त करने वाली एजेंसी AWPO को मिलने वाला मासिक मानदेय 25,750 रुपए से बढ़ाकर 30,000 रुपए कर दिया गया है.

किसानों के लिए बड़े ऐलान

किसानों की आय बढ़ाने और खेती को प्रोत्साहन देने के लिए कैबिनेट ने कई महत्वपूर्ण फैसले लिए. तेलहन फसलों की खेती को बढ़ावा देने के लिए 25.85 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे. रबी सीजन में मसूर दाल की खेती बढ़ाने के लिए 95.85 करोड़ रुपए मंजूर हुए. बेहतर किस्म के गेहूं के बीज उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री कृषि विकास योजना के तहत 36 करोड़ रुपए खर्च होंगे. बारिश पर निर्भर खेती वाले इलाकों के विकास के लिए केंद्र और राज्य मिलकर (60:40 अनुपात में) 34.46 करोड़ रुपए देंगे. प्लास्टिक क्रेट, बैग आदि की खरीद में किसानों की मदद के लिए राज्य सरकार 38.26 करोड़ रुपए खर्च करेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *