नीतीश मिश्रा और हरिभूषण ठाकुर बचौल को टिकट पक्का…! झंझारपुर और बिस्फी में जन सुराज बिगाड़ेगा खेल?

Madhubani Election News: मधुबनी जिले की राजनीति में चुनावी हलचल तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, भाजपा ने मंत्री नीतीश मिश्रा को झंझारपुर और हरिभूषण ठाकुर बचौल को बिस्फी से उम्मीदवार बनाने का फैसला कर लिया है। दोनों नेताओं को पार्टी की पहली सूची में जगह मिलने की संभावना है।हालांकि जिले की बाकी सीटों पर स्थिति अभी साफ नहीं हो पाई है। राजनगर, बेनीपट्टी और खजौली में संशय बरकरार है।

जदयू और भाजपा में सीटों की अदला-बदली

सूत्रों के मुताबिक, बेनीपट्टी सीट पर इस बार जदयू और भाजपा में अदला-बदली हो सकती है। कहा जा रहा है कि जदयू इस सीट पर चुनाव लड़ना चाहती है, इसलिए इसे फिलहाल होल्ड पर रखा गया है। अगर ऐसा होता है तो भाजपा को बाबूबरही या हरलाखी में से किसी एक सीट जदयू के लिए छोड़नी पड़ सकती है। हालांकि इन दोनों सीटों पर भाजपा मजबूत स्थिति में है। खजौली को लेकर भी स्थिति पेचीदा है। चर्चा है कि वर्तमान विधायक अरुण शंकर प्रसाद को खजौली से हटाकर मधुबनी भेजा जा सकता है, लेकिन यह तभी संभव होगा जब मधुबनी सीट लोजपा के खाते में न जाए। फिलहाल खजौली सीट भी होल्ड पर है, हालांकि इतना तय है कि अरुण शंकर प्रसाद चुनाव मैदान में जरूर रहेंगे। राजनगर सीट पर भाजपा दुविधा में है। पार्टी यह तय नहीं कर पा रही कि वर्तमान विधायक रामप्रीत पासवान पर ही भरोसा जताया जाए या फिर किसी नए युवा चेहरे को मौका दिया जाए।

चिराग पासवान अब भी नाराज

इधर मधुबनी सीट पर लोजपा (रामविलास) ने दावा ठोक रखा है। चिराग पासवान अब भी नाराज़ बताए जा रहे हैं और भाजपा उन्हें मनाने में जुटी है। भाजपा यहां मजबूत स्थिति में है और चाहती है कि सीट उसके खाते में रहे। अगर लोजपा यह सीट छोड़ देती है तो भाजपा में कई दावेदार मैदान में उतर सकते हैं। इनमें मेयर अरुण राय के पुत्र प्रशांत कुमार, पिंटू मिश्रा, किरण कुमारी झा, अमरनाथ प्रसाद, मनोज चौधरी और प्रफुल्ल चंद्र झा के नाम प्रमुख हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि झंझारपुर और बिस्फी दोनों सीटों पर इस बार मुकाबला बेहद रोचक होगा। जन सुराज की एंट्री से यहां समीकरण बदल सकते हैं। प्रशांत किशोर के उम्मीदवार इन दोनों सीटों पर पारंपरिक वोट बैंक को चुनौती दे सकते हैं।

भाजपा की पहली सूची में हालांकि नीतीश मिश्रा और हरिभूषण ठाकुर बचौल के नाम तय हो चुके हैं। आने वाले दिनों में बाकी सीटों को लेकर होने वाले फैसले जिले के चुनावी परिदृश्य को और रोमांचक बना देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *