Mahagathbandhan Seat Sharing : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर महागठबंधन में सीट शेयरिंग पर अभी भी अंतिम सहमति नहीं बन पाई है. बुधवार को घटक दलों के बीच कई दौर की बैठकों के बावजूद बात आगे नहीं बढ़ सकी. सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने मुख्यमंत्री पद के लिए तेजस्वी यादव का नाम प्रस्तावित किया है, जबकि तीन डिप्टी सीएम का नया फॉर्मूला सामने रखा गया है.
राजद मे क्या प्रस्ताव रखा
आरजेडी के इस प्रस्ताव के अनुसार, एक-एक डिप्टी सीएम की जिम्मेदारी आरजेडी, कांग्रेस और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) को देने की बात कही गई है. हालांकि, इस प्रस्ताव पर कांग्रेस की ओर से अब तक हरी झंडी नहीं मिली है. दिल्ली में शीर्ष नेतृत्व की व्यस्तता के कारण इस पर चर्चा नहीं हो सकी.
Seat Sharing पर फंसा पेच
इधर, सीट बंटवारे को लेकर भी महागठबंधन के भीतर पेच फंसा हुआ है. वीआईपी ने अपनी छह सिटिंग सीटों पर दोबारा दावा किया है, जिससे बातचीत अटक गई है. वहीं, भाकपा (माले) 2020 के फार्मूले से आगे बढ़ते हुए 19 से अधिक सीटों की मांग पर अड़ी हुई है. महागठबंधन की ओर से जल्द ही एक संयुक्त बयान जारी किए जाने की संभावना है, लेकिन कांग्रेस की स्वीकृति के बिना सीट शेयरिंग और डिप्टी सीएम फॉर्मूले पर अंतिम फैसला फिलहाल टल गया है.