Congress Press conference in Bihar: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में सीट बंटवारे को लेकर महागठबंधन में गतिरोध के बीच कांग्रेस ने आज दोपहर 3 बजे पटना के सदाकत आश्रम में अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है. इस कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद जयराम रमेश, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल समेत पार्टी के कई दिग्गज नेता शामिल होंगे.
कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति ने बुधवार को हुई बैठक में 25 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम तय कर लिए हैं. यह कदम राजद पर दबाव बढ़ाने के साथ-साथ यह संकेत भी देता है, कि असहमति की स्थिति में कांग्रेस पहले चरण की सीटों पर एकतरफा घोषणा कर सकती है.
पार्टी का स्पष्ट रुख है कि वह गठबंधन में सिर्फ सहयोगी नहीं, बल्कि निर्णायक भूमिका चाहती है. सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस के शीर्ष नेता आज राजद सुप्रीमो लालू यादव और तेजस्वी यादव से मुलाकात कर सीटों की उलझन सुलझाने का प्रयास कर सकते हैं. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम, विधानसभा दल के नेता डॉ शकील अहमद खान और राज्यसभा सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपस्थित होंगे.