Bihar BJP Candidate List: बिहार विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने मंगलवार को अपनी पहली उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी। भाजपा की पहली लिस्ट में कुल 71 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं, जिनमें से मधुबनी और दरभंगा जिलों के कुल 9 सीटों के प्रत्याशियों का ऐलान किया गया है। विश्लेषकों के मुताबिक, भाजपा ने अपनी मजबूत पकड़ वाली सीटों पर मौजूदा विधायकों को दोबारा मौका देकर चुनावी रणनीति को सुरक्षित रखा है। मधुबनी और दरभंगा की ये नौ सीटें वर्तमान में पार्टी के कब्जे में हैं, और पहली लिस्ट के जरिए पार्टी ने क्षेत्रीय प्रभुत्व का संकेत दिया है।
मधुबनी जिले में बेनीपट्टी से मौजूदा विधायक विनोद नारायण झा, खजौली से अरुण शंकर प्रसाद, बिस्फी से हरीभूषण ठाकुर, राजनगर (एससी आरक्षित) से सुजीत पासवान और झंझारपुर से वर्तमान विधायक और मंत्री नीतीश मिश्रा को टिकट दिया गया है। वहीं, दरभंगा जिले की चार सीटों पर पार्टी ने मौजूदा विधायकों और नेताओं पर भरोसा जताया है। केवटी से मुरारी मोहन, दरभंगा शहरी से संजय सरावगी, जाल से जीवेश मिश्रा और गौरा बौराम से सुजीत कुमार सिंह को भाजपा ने उम्मीदवार बनाया है।
वहीं पहली लिस्ट में दोनों डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को तारापुर और विजय सिन्हा को लखीसराय से टिकट दिया गया है। वहीं विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव का टिकट कट गया है। इसके अलावा मंत्रियों मंगल पांडे, नीतीश मिश्रा, नीरज कुमार बबलू, जीवेश मिश्रा, राजू सिंह, कृष्ण कुमार मंटू, सुरेंद्र मेहता, डॉक्टर सुनील कुमार, संजय सरावगी और डॉ. प्रेम कुमार को भी टिकट मिला है। पहली लिस्ट में कुल 9 महिलाओं के नाम भी शामिल हैं, जो भाजपा की महिला प्रतिनिधित्व को बढ़ाने की रणनीति को दर्शाता है।
हालांकि 101 सीटों में से शेष सीटों पर उम्मीदवारों के ऐलान को लेकर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है। 71 उम्मीदवारों की यह पहली लिस्ट इस बार के चुनाव में भाजपा की तैयारियों और रणनीति की शुरुआती झलक देती है। अब अगले चरण में भाजपा की शेष 30 सीटों की घोषणा करेगी. इस बार पार्टी 101 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि 2020 में यह संख्या 110 थी। राज्य में मतदान 9 और 11 नवंबर को होगा और नतीजे 14 नवंबर को आने की संभावना है। फिलहाल बिहार विधानसभा में भाजपा के पास 80 विधायक हैं।