लोक गायिका मैथिली ठाकुर हुईं बीजेपी में शामिल, अलीनगर सीट से चुनाव लड़ने की अटकलें तेज

Maithili Thakur Join BJP : बिहार विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी को मिथिला क्षेत्र से बड़ा चेहरा मिल गया है। मशहूर लोक गायिका मैथिली ठाकुर मंगलवार को औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में शामिल हो गईं। पटना के होटल चाणक्य स्थित भाजपा मीडिया सेंटर में आयोजित मिलन समारोह में प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर आरजेडी विधायक भरत बिंद ने भी बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में दिलीप जायसवाल ने कहा कि आने वाले दिनों में महागठबंधन के कई और नेता बीजेपी में शामिल होंगे, जिससे चुनावी समीकरण और दिलचस्प हो सकते हैं।

सोशल मीडिया पर लाखों फॉलोअर्स का राजनीतिक फायदा

मैथिली ठाकुर मिथिला और उत्तर बिहार में बेहद लोकप्रिय हैं। उनके सोशल मीडिया पर लाखों फॉलोअर्स हैं और लोकगीतों के जरिए वे अपनी सांस्कृतिक पहचान बना चुकी हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी मैथिली ठाकुर को मिथिला क्षेत्र में अपने प्रचार अभियान का प्रमुख चेहरा बना सकती है। हाल ही में उनकी तस्वीरें बीजेपी के चुनाव प्रभारी विनोद तावड़े और केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय के साथ सामने आई थीं, जिसके बाद से ही उनके पार्टी में शामिल होने की चर्चा तेज हो गई थी। सूत्रों के अनुसार, मैथिली ठाकुर को दरभंगा की अलीनगर विधानसभा सीट से उतारा जा सकता है। हालांकि, उन्होंने पहले अपने गृहनगर से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई थी। फिलहाल, पार्टी जल्द ही इस पर अंतिम फैसला ले सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *