Bihar chunav : पहले चरण की 121 सीटों पर 64.46 फीसदी मतदान पूरा, दिग्गजों की किस्मत ईवीएम में बंद

Bihar Election 2025 Phase 1 Voting : बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में गुरुवार को 18 जिलों की 121 सीटों पर मतदान संपन्न हो गया। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, पहले चरण में 64.46 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव आयोग ने जानकारी दी कि पहले चरण में शांतिपूर्ण मतदान हुआ. अभी तक 64.46 फीसदी मतदान हुआ है. कुछ जगहों पर अभी भी मतदान जारी है.

दिग्गजों की किस्मत ईवीएम में बंद

इस चरण की कई सीटें सियासी नजरिए से खास रहीं,जैसे राघोपुर, जहां से तेजस्वी यादव मैदान में हैं, महुआ, जहां तेज प्रताप यादव किस्मत आजमा रहे हैं, और तारापुर, जहां से उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी चुनाव लड़ रहे हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और लालू प्रसाद यादव के परिवार के सदस्यों ने भी मतदान किया.

पहले चरण में चर्चा में रही सीटों में अलीनगर भी शामिल रही, जहां लोकगायिका मैथिली ठाकुर बीजेपी प्रत्याशी के रूप में चुनावी मैदान में हैं। लखीसराय से डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा, जबकि मोकामा सीट से जेडीयू उम्मीदवार अनंत सिंह भी सुर्खियों में रहे,अनंत सिंह इस समय एक हत्या के मामले में जेल में बंद हैं। वहीं, रघुनाथपुर से दिवंगत मोहम्मद शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब आरजेडी के टिकट पर चुनावी मैदान में हैं।

दूसरे चरण में 122 सीटों पर 11 नवंबर को वोटिंग

चुनाव आयोग के मुताबिक, पहले चरण में 3 करोड़ से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिनमें लगभग 1.98 करोड़ पुरुष, 1.76 करोड़ महिलाएं और थर्ड जेंडर मतदाता शामिल थे। बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 122 सीटों पर 11 नवंबर को वोटिंग होगी, जबकि चुनाव परिणाम 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *