Bihar election results LIVE: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की मतगणना जारी है और दरभंगा जिले की प्रमुख सीटों से शुरुआती रुझानों में एनडीए ने मजबूत बढ़त बना ली है। जिले की कई महत्वपूर्ण सीटों पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सरकार के मंत्री और एनडीए प्रत्याशी आगे चल रहे हैं, जबकि महागठबंधन के उम्मीदवार कुछ स्थानों पर कड़ी टक्कर दे रहे हैं।
दरभंगा नगर विधानसभा सीट से भाजपा के वर्तमान विधायक और राज्य सरकार में राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री संजय सरावगी शुरुआती दो राउंड के बाद करीब 5500 वोट से आगे चल रहे हैं। उनके मुकाबले महागठबंधन उम्मीदवार पीछे दिखाई दे रहे हैं। जाले विधानसभा सीट से भाजपा के विधायक एवं नगर विकास मंत्री जीवेश कुमार दूसरे राउंड में 2024 वोट से आगे चल रहे हैं। इस सीट पर भी एनडीए का पलड़ा फिलहाल भारी दिख रहा है।
बहादुरपुर विधानसभा क्षेत्र में दिलचस्प मुकाबला देखा जा रहा है। राज्य के समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी पांच राउंड के बाद लगभग 4000 वोट से आगे बताए जा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर, कुछ राउंड में आरजेडी के भोला यादव 1656 वोट की बढ़त बनाने की स्थिति में दिखाई दिए, जिससे इस सीट पर मुकाबला और रोचक हो गया है। अलीनगर विधानसभा सीट इस चुनाव की सबसे चर्चित सीटों में शामिल है।
भाजपा की प्रत्याशी और लोकप्रिय लोकगायिका मैथिली ठाकुर दूसरे राउंड में 2000 वोट से आगे हैं। क्षेत्र में उनके प्रचार के दौरान मिली भारी समर्थन की झलक शुरुआती रुझानों में दिखाई दे रही है। वहीं केवटी विधानसभा सीट से भाजपा के मुरारी मोहन झा दूसरे राउंड में लगभग 3000 वोट से आगे चल रहे हैं। गौड़ाबौराम सीट से एनडीए प्रत्याशी सुजीत कुमार 781 वोट से आगे हैं। यहां मुकाबला अपेक्षाकृत करीबी नजर आ रहा है।
कुल मिलाकर शुरुआती रुझानों से साफ़ है कि एनडीए फिलहाल बहुमत के करीब पहुंचता हुआ दिख रहा है, जबकि महागठबंधन कई मुख्य सीटों पर संघर्ष कर रहा है। हालांकि मतगणना के शुरुआती चरणों में रुझान बदलते रहते हैं, इसलिए अंतिम परिणाम आने तक तस्वीर में उतार-चढ़ाव संभव है। जैसे-जैसे राउंड आगे बढ़ेंगे, जिले और राज्य की राजनीतिक तस्वीर और स्पष्ट होती जाएगी।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 सीटवार रिजल्ट चेक करने के लिए यहां (realisticmedia.in) क्लिक करें