20 नवंबर को होगा बिहार में नई सरकार का शपथ ग्रहण , गांधी मैदान में होगी भव्य तैयारी 

Bihar News : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की प्रचंड जीत के बाद नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। 243 सदस्यीय विधानसभा में 202 सीटों के विशाल बहुमत के साथ एनडीए ने सत्ता की वापसी सुनिश्चित कर ली है। इसी कड़ी में 20 नवंबर को पटना के गांधी मैदान में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की आधिकारिक पुष्टि मिल चुकी है। गांधी मैदान को सुरक्षा कारणों से 20 नवंबर तक आम जनता के लिए बंद कर दिया गया है।

नीतीश मंत्रिमंडल की अंतिम बैठक आज

रविवार सुबह 11:30 बजे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने वर्तमान मंत्रिमंडल की अंतिम बैठक बुलाई है। इस बैठक में दो महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगने की संभावना है जिस में वर्तमान विधानसभा भंग करने का प्रस्ताव और फिर राज्यपाल को सामूहिक इस्तीफा सौंपने का निर्णय लिया जाएगा. बैठक के बाद नीतीश कुमार राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से मिलकर अपना इस्तीफा सौंपेंगे। यह औपचारिकता नई सरकार गठन का पहला आधिकारिक कदम होगी। वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर को समाप्त हो रहा है, इसलिए सरकार तय समय सीमा से पहले सभी प्रक्रियाएं पूरी कर रही है।

बीजेपी और जेडीयू की अलग-अलग बैठकें

नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद राजनीतिक गतिविधियां और तेज हो जाएंगी। दिनभर तीन महत्वपूर्ण बैठकें प्रस्तावित हैं पहले जेडीयू विधानमंडल दल की बैठक होगी इसमें नीतीश कुमार को दल का नेता चुने जाने की संभावना है।इसके बाद भाजपा विधानमंडल दल की बैठक होगी जिसमें पार्टी आगे की रणनीति को अंतिम रूप देगी. और अंत में एनडीए विधानमंडल दल की संयुक्त बैठक है. इस बैठक में गठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद के चेहरे की घोषणा की जाएगी। हालांकि राजनीतिक हलकों में यह माना जा रहा है कि एनडीए नीतीश कुमार को ही अपना नेता घोषित कर सकता है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है। एनडीए नेताओं का प्रतिनिधिमंडल संयुक्त बैठक के बाद राज्यपाल के पास जाकर सरकार गठन का दावा पेश करेगा।

शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी का आना तय

पटना के गांधी मैदान में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह को भव्य और उच्चस्तरीय बनाने की तैयारी जारी है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्रिमंडल के कई सदस्य, एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और देशभर के वरिष्ठ नेता इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे। गांधी मैदान के आसपास सुरक्षा घेरा बढ़ा दिया गया है और एंट्री केवल पासधारकों को ही दी जाएगी। प्रशासन ने मैदान को 20 नवंबर तक आम लोगों के लिए पूरी तरह बंद कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *