बिहार में नई सरकार को लेकर कहां फंस रहा पेंच… शपथ ग्रहण से पहले तेज हुई सियासी हलचल

Bihar Cabinet Formula : बिहार में 20 नवंबर को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं. इसके साथ ही सरकार गठन से जुड़े अहम फैसलों को अंतिम रूप देने के लिए जेडीयू और बीजेपी के शीर्ष नेताओं के बीच लगातार बैठकों का दौर चल रहा है.

दिल्ली में शीर्ष नेतृत्व से जदयू नेताओं की मुलाकात

इस बीच ललन सिंह और संजय झा दिल्ली तलब किया गया है. मीडिया सूत्रों के अनुसार, जेडीयू के वरिष्ठ नेताओं ललन सिंह और संजय झा को सोमवार देर रात दिल्ली बुलाया गया. दोनों चार्टर्ड विमान से दिल्ली पहुंचे, जहां आज उनकी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात निर्धारित है. कैबिनेट गठन और सत्ता में भागीदारी को लेकर दोनों नेताओं की भाजपा नेतृत्व से विस्तृत चर्चा होने की संभावना है. रविवार को भी दोनों की अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से बातचीत हुई थी. वहीं बिहार भाजपा के प्रमुख नेता भी मंगलवार को दिल्ली पहुंचकर शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात करेंगे.

कैबिनेट में हिस्सेदारी को लेकर खींचतान

नई सरकार के गठन से पहले जेडीयू और बीजेपी के बीच मंत्रालयों और शीर्ष पदों पर सहमति बनना आसान नहीं दिख रहा है. विधानसभा अध्यक्ष (स्पीकर) पद को लेकर दोनों दल अपनी-अपनी दावेदारी ठोक रहे हैं. जेडीयू का कहना है कि स्पीकर उनका हो और विधान परिषद के सभापति का पद बीजेपी को दिया जाए तो बीजेपी की मांग है कि दोनों महत्वपूर्ण पद उसके पास रहें. वहीं सूत्रों का कहना है कि इस मुद्दे पर बातचीत जारी है और अंतिम फैसला दिल्ली में होने वाली बैठकों में हो सकता है.

पुरानी सरकार की आखिरी कैबिनेट बैठक

इससे पहले सोमवार को मौजूदा सरकार ने अपनी अंतिम कैबिनेट बैठक की, जिसमें विधानसभा को 19 नवंबर को भंग करने का प्रस्ताव पारित किया गया. इसके बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यपाल से मुलाकात कर निर्णय से अवगत कराया. 20 नवंबर को गांधी मैदान में नए मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा, जिसमें केंद्रीय नेतृत्व सहित कई प्रमुख हस्तियों के शामिल होने की संभावना है. सरकार में सीट बंटवारे और प्रमुख पदों को लेकर अंतिम तस्वीर अगले 24 घंटों में साफ होने की उम्मीद है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *