Winter Blues : देश में ठंड बढ़ते ही हवा का मिजाज ही नहीं, लोगों का मूड भी बदलने लगता है. कई लोग अचानक सुस्ती, थकान, चिड़चिड़ापन, नींद बढ़ने और उदासी जैसी भावनाओं का अनुभव करने लगते हैं. एक्सपर्ट्स बताते हैं कि सर्दियों के मौसम में मूड डाउन होने की स्थिति को विंटर ब्लूज़ कहा जाता है, जबकि यह गंभीर रूप ले ले तो इसे सीज़नल अफेक्टिव डिसऑर्डर (SAD) का नाम दिया जाता है. भारत में दिन छोटे होने और धूप कम मिलने की वजह से ऐसे केस नवंबर से फरवरी तक सबसे ज़्यादा सामने आते हैं. आइए समझते हैं कि आखिर क्यों सर्दियां आपको उदास कर देती हैं और इससे बचने के कौन-कौन से आसान व असरदार तरीके हैं.
धूप की कमी सबसे बड़ी वजह
सर्दियों में दिन छोटे हो जाते हैं और प्राकृतिक धूप कम मिलती है. डॉक्टर बताते हैं कि शरीर की सर्केडियन रिद्म (जैविक घड़ी) धूप पर आधारित होती है. जब रोशनी कम मिलती है, तो यह संतुलन बिगड़ जाता है, जिसका सीधा असर मूड और ऊर्जा स्तर पर पड़ता है. धूप की कमी से सेरोटोनिन यानी फील-गुड हार्मोन का स्तर गिरता है, जिससे उदासी और लो-मूड महसूस होता है. वहीं अंधेरा जल्दी होने से मेलाटोनिन अधिक मात्रा में बनने लगता है, जो नींद और सुस्ती बढ़ाता है.
शारीरिक गतिविधि में कमी
ठंड के मौसम में लोग देर तक रजाई में पड़े रहना पसंद करते हैं. सुबह की वॉक से लेकर जिम तक… हर एक्टिविटी पर ब्रेक लग जाता है. एक्सरसाइज कम होने से एंडोर्फिन स्तर घट जाता है, जिससे खुश रहने वाली प्राकृतिक क्षमता प्रभावित होती है.
सामाजिक मेलजोल घट जाना
सर्दियों में अक्सर लोग बाहर निकलने में आलस करते हैं, तापमान कम होता है और इससे सोशल इंटरैक्शन कम हो जाता है. मनोवैज्ञानिकों के मुताबिक, सोशल आइसोलेशन हल्की उदासी को गंभीर तनाव में बदल सकता है.
विंटर ब्लूज़ से बचने के क्या हैं उपाय
अगर आप भी इस संमस्या का सामना कर रहे हैं तो ये आप इस समस्या के निदान के लिए इन उपायों का सहारा ले सकते हैं.
- सुबह की धूप लें
एक्सपर्ट्स सलाह देते हैं कि सुबह कम से कम 20–30 मिनट धूप में टहलें. प्राकृतिक रोशनी मूड रेगुलेट करने में बेहद कारगर है. खिड़कियों के पर्दे खोलें और घर में जितना हो सके प्राकृतिक लाइट आने दें.
- नियमित एक्सरसाइज जरूरी
सर्दियों में भी 25–30 मिनट की हल्की फिजिकल एक्टिविटी एंडोर्फिन बढ़ाती है और तनाव घटाती है. योग, स्ट्रेचिंग, डांस या घर पर लाइट वर्कआउट आसान विकल्प हैं.
- हेल्दी डाइट अपनाएं
जंक फूड या ज़रूरत से ज़्यादा कार्बोहाइड्रेट की आदत विंटर ब्लूज़ को बढ़ा सकती है. इसलिए अपनी थाली में सीजनल फल-सब्ज़ियां, नट्स और सीड्स, प्रोटीन युक्त भोजन और विटामिन-D और ओमेगा-3 से भरपूर चीजों को शामिल करें.
- नींद का एक रूटीन बनाएं
सर्दियों में देर तक सोना आम है, लेकिन अनियमित नींद मूड खराब कर सकती है. रोज़ एक ही समय पर सोएँ और जागें. सोने से पहले फोन/स्क्रीन से दूरी बनाएं और कमरे में हल्की गर्माहट रखें
- सोशल कनेक्शन बनाए रखें
दोस्तों-परिवार से बातचीत, छोटी मीटिंग, कॉफी डेट या फोन कॉल जैसी छोटी-छोटी चीजें मानसिक स्वास्थ्य को स्थिर रखती हैं. मनोवैज्ञानिकों के मुताबिक, भावनाएँ साझा करने से विंटर ब्लूज़ तेजी से कम होता है.
गंभीर लक्षण हों तो डॉक्टर से संपर्क करें
अगर उदासी लगातार हफ्तों तक बनी रहे, रोज़मर्रा की गतिविधियों में रुचि कम हो जाए, या नींद-भूख पर गंभीर असर दिखे, तो यह सीज़नल अफेक्टिव डिसऑर्डर का संकेत हो सकता है. ऐसे में मनोचिकित्सक या मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से सलाह लेना जरूरी है. सर्दियों में उदासी और सुस्ती महसूस होना आम है, लेकिन इसकी वजहें वैज्ञानिक रूप से स्पष्ट हैं. सही दिनचर्या, धूप, एक्टिविटी और संतुलित भोजन के जरिए विंटर ब्लूज़ को आसानी से नियंत्रित किया जा सकता है.